अखिलेश की सरकार बनने पर IAS बनवा दूंगा; महिला बैंककर्मी को अश्लील मैसेज करने वाला सपा नेता गिरफ्तार
अखिलेश की सरकार बनने पर महिला बैंककर्मी को IAS बनवाने का झांसा देने वाले सपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सैयद राजन अहमद रिजवी पर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, रेकी करने, निजी जानकारी जुटाने, ब्लैकमेल और अश्लील मैसेज भेजने के आरोप है।

UP News: यूपी पुलिस ने समाजवादी पार्टी के अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव सैयद राजन अहमद रिजवी को अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। सपा नेता पर एक महिला बैंककर्मी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, उसकी निजी जानकारियां जुटाने, रेकी करने, ब्लैकमेल और अश्लील मैसेज भेजने के गंभीर आरोप हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा आरोपी अलीगढ़ में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था।
मामले की शुरुआत आरोपी राजन रिजवी द्वारा पीड़िता को दिए गए झांसे से हुई थी। पीड़िता मथुरा स्थित एक बैंक में कार्यरत है। सपा नेता ने महिला को लालच दिया था कि जैसे ही प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, वह अपने शीर्ष नेताओं से सिफारिश कर उसे सीधे IAS अफसर बनवा देगा। हालांकि, बाद में आरोपी की नीयत और बिगड़ती चली गई। वह बैंक ग्राहक बनकर लगातार बैंक आने लगा और पीड़िता पर नजर रखने लगा। उसने बिना महिला की अनुमति और जानकारी के उसका निजी मोबाइल नंबर हासिल कर लिया।
महिला को धमकाता था सपा नेता
जब महिला बैंककर्मी ने आरोपी का फोन उठाने और किसी भी तरह के निजी संपर्क से इनकार कर दिया तो राजन रिजवी उसे उसके निजी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने की धमकियां देने लगा। आरोपी बैंक के बाहर पीड़िता के वाहन की तस्वीरें लेता था जो सीसीटीवी फुटेज में भी दर्ज हुआ है। इसके अलावा आरोपी ने पीड़िता के पति, घर, निजी वाहन, घरेलू सहयोगी (कुक) और ड्राइवर तक की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया था। जब महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया तो राजन रिजवी रात में महिला की कॉलोनी में घूमने लगा।
एक महीने बाद महिला दर्ज हुआ मामला
सपा नेता ने पीड़िता के पति के आवागमन और सर्विस संबंधी जानकारी जुटाकर दूसरों के आधार पर उनके खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज करवाने का भी प्रयास किया। वह लगातार मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश भेजता था, हालांकि उसने कुछ मैसेज डिलीट कर दिए, लेकिन पीड़िता ने उनके स्क्रीनशॉट रख लिए थे। महिला करीब एक महीने तक न्याय के लिए पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाती रही। आखिरकार मामले की गंभीरता, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, स्क्रीनशॉट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मथुरा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 (स्टॉकिंग/पीछा करना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 67 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
रिश्तेदार के घर छिपा था आरोपी
शहर में मुकदमा दर्ज होते ही आरोपी मथुरा से फरार हो गया था। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी उप-निरीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई गई। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रविवार को दोपहर लगभग 2:50 बजे अलीगढ़ जिले के थाना क्वारसी क्षेत्र के ग्राम धर्रामाफी में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से 229/9 आंबेडकर सौंख रोड (थाना कोतवाली, मथुरा) का रहने वाला है और वर्तमान में फैज-ए-आम स्कूल मार्ग (थाना सदर बाजार) में रह रहा था। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


