सपा नेता पर युवती के अपहरण का मुकदमा, पार्टी से निकाले गए मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष
उरई में सपा की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष और उसके मददगार के खिलाफ युवती के अपहरण के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। युवती के पिता की तहरीर पर कार्रवाई होते ही हाईकमान ने उसे पार्टी से बाहर कर दिया।

यूपी के उरई में सपा की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष और उसके मददगार के खिलाफ युवती के अपहरण के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। युवती के पिता की तहरीर पर कार्रवाई होते ही हाईकमान ने उसे पार्टी से बाहर कर दिया। पुलिस जिलाध्यक्ष रिजवान मंसूरी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। युवती का अभी पता नहीं चल सका है। कोंच नगर में मंगलवार को राजनीतिक दलों में हलचल मची रही। वजह थी सपा की मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष रिजवान मंसूरी उर्फ छोटू टाइगर के खिलाफ युवती के अपहरण के मामले में एफआईआर दर्ज होना।
पुलिस ने बताया कि युवती के पिता ने तहरीर दी थी कि 19 जनवरी को सपा नेता उनकी 20 वर्षीय बेटी को अगवा कर ले गया है। इसके साथ ही घर में रखे तीन लाख रुपये भी गायब हैं। काफी खोजबीन के बाद उनकी बेटी का कहीं पता नहीं चल पा रहा है। केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई। आरोपित रिजवान मंसूरी को पुलिस ने पकड़ लिया है। इंस्पेक्टर क्राइम लल्लू राम रावत का कहना है कि आरोपित सपा नेता से पूछताछ की जा रही है।
जल्द ही युवती का पता लगा लिया जाएगा। इससे पहले भी सपा नेता रिजवान मंसूरी उर्फ छोटू टाइगर पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल में भेजा था। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा ने बताया कि रिजवान मंसूरी को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के चलते जिलाध्यक्ष के पद से हटाते हुए उसे पार्टी से बाहर कर दिया गया है।

लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें



