सपा ने भाजपा को लखनऊ में दी बड़ी मात, सारे सिटिंग MLC जीते, सिर्फ अवनीश हार गए कांति से

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यूपी में एमएलसी की सभी 11 सीटों के रिजल्ट आ गए हैं। दस सीटों पर सिटिंग एमएलए ही दोबारा चुन लिए गए हैं। केवल लखनऊ में उलटफेर हुआ है। यहां भाजपा के मौजूदा एमएलसी अवनीश को सपा की कांति सिंह ने हरा दिया है।

Avnish losing to Kanti
लखनऊ स्नातक एमएलसी सीट पर जीतीं सपा की कांति सिंह और भाजपा प्रत्याशी अवनीश (फाइल फोटो)

यूपी में विधान परिषद (एमएलसी) की खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सभी 11 सीटों पर फैसला आ गया है। भाजाप ने छह और सपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है। पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार सपा को दो सीटों का फायदा हुआ है। भाजपा ने पिछला प्रदर्शन दोहराते हुए अपनी सीटें बरकरार रखीं हैं। मैदान में उतरे सभी सिटिंग एमएलसी चुनाव जीत गए हैं। सिर्फ लखनऊ खंड स्नातक सीट पर भाजपा के अवनीश कुमार सिंह को हार का सामना करना पड़ा। सपा की कांति सिंह ने उन्हें हराया है। बाकी सभी 10 प्रत्याशी अपनी सीटें बचाने में सफल रहे हैं।

खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की छह सीटों में से चार भाजपा व दो सपा ने जीती हैं। वहीं खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पांच सीटों में से तीन सपा ने और दो भाजपा ने जीती हैं। लखनऊ खंड स्नातक सीट से सपा की कांति सिंह चुनाव जीती हैं। उन्होंने भाजपा के इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को 17127 मतों से चुनाव हराया। कांति सिंह को 56905 मत मिले और अवनीश सिंह को 39778 वोट प्राप्त हुए।

वाराणसी खंड स्नातक सीट से सपा प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को 19932 वोटों से हरा दिया। आशुतोष सिन्हा को 55046 मत प्राप्त हुए और केदारनाथ सिंह को 35114 मत प्राप्त हुए।

ध्रुव त्रिपाठी व आकाश अग्रवाल ने पाला बदलकर बचाई सीट

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के ध्रुव त्रिपाठी इस बार भाजपा से जीते हैं। पिछली बार यह उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ से चुनाव जीते थे। यह संघ के एकमात्र सदस्य विधान परिषद में थे। अब इनके भाजपा में जाने से पांच दशक बाद सदन में शिक्षक दल का सूफड़ा साफ हो गया है। आगरा खंड शिक्षक सीट से निर्दलीय जीतकर आए आकाश अग्रवाल इस बार सपा से चुनाव जीते हैं। पिछली बार यह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीते थे।

वाराणसी खंड स्नातक सीट पर सबसे लंबी मतगणना

वाराणसी खंड स्नातक सीट पर मंगलवार को अन्य विधान परिषद सीटों के साथ मतगणना शुरू हुई। 10 सीटों के नजीते बुधवार की देर रात तक आ गए। सिर्फ वाराणसी खंड स्नातक सीट पर मतगणना गुरुवार को दोपहर बाद खत्म हो सकी। यहां 55 घंटे मतगणना चली। यहां पर भाजपा नेताओं ने गड़बड़ी को लेकर हंगामा किया व धरना भी दिया। जिसके कारण काउंटिंग कुछ देर रूकी भी रही।

कहां कौन सी पार्टी का प्रत्याशी जीता

मेरठ स्नातक सीट पर मौजूदा एमएलसी और भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र भाटी को हराया है। इसी तरह मेरठ शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद्र शर्मा ने सपा के नितिन तोमर को पराजित किया। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा के हरि सिंह ढिल्लो फिर से एमएलसी बने हैं। उन्होंने सपा के दानिश अख्तर को भारी मतों से हराया है।

लखनऊ शिक्षक सीट पर भाजपा के प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी उमेश द्विवेदी ने सपा के सुशील कुमार को हराया। आगरा स्नातक सीट पर मौजूदा एमएलसी और भाजपा प्रत्याशी मानवेन्द्र सिंह ने सपा के शशांक यादव को हराया। गोरखपुर- फैजाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने निर्दल राजीव यादव को हराया। यहां सपा तीसरे स्थान पर रही।

इसी तरह आगरा शिक्षक पर सपा के आकाश अग्रवाल ने भाजपा के हरि किशोर तिवारी को परास्त किया। वाराणसी शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने भाजपा के प्रमोद कुमार मिश्रा को हराया। वाराणसी स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को हराया। झांसी-इलाहाबाद स्नातक सीट पर सपा के मान सिंह यादव ने भाजपा के अशोक कुमार राठौर को हराया है। लखनऊ स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह भाजपा के अवनीश सिंह को हराकर पिछला बदला लिया है। पिछली बार कांति सिंह अवनीश से हार गई थीं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसपा ने भाजपा को लखनऊ में हराया, सारे सिटिंग MLC जीते, सिर्फ अवनीश कांति से हारे