
सोनू कश्यप हत्याकांड: मुजफ्फरनगर पुलिस ने चंद्रशेखर को सड़क पर ट्रॉली लगा मेरठ जाने से रोका
सांसद चन्द्रशेखर आजाद को मुजफ्फरनगर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मेरठ जाने से रोक लिया। इस दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शहीद बचन सिंह चौक पर करीब चार घंटे तक सांसद और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प होती रही। शहर में भोपा रोड और रेलवे रोड पर जाम लग गया।
भीम आर्मी के अध्यक्ष एवं नगीना सुरक्षित संसदीय क्षेत्र के आसपा सांसद चन्द्रशेखर आजाद को मुजफ्फरनगर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मेरठ जाने से रोक लिया। इस दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शहीद बचन सिंह चौक पर करीब चार घंटे तक सांसद और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी झड़प होती रही। शहर में भोपा रोड और रेलवे रोड पर जाम लग गया। पुलिस ने चन्द्रशेखर आजाद के काफिले को रोकने के लिए बीच सड़क पर ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी कर दी। सांसद चन्द्रशेखर मेरठ में हुए सोनू उर्फ रोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर उसके परिजन से मिलने जा रहे थे। बाद में चंद्रशेखर ने फोन पर पीड़ित परिवार से बात कर उन्हें न्याय मिलने तक संघर्ष करते रहने का भरोसा दिलाया। चंद्रशेखर ने कहा कि वह कानून मानने वाले व्यक्ति हैं लेकिन उन्हें इस तरह ज्यादा समय तक रोका नहीं जा सकता है।
पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने सांसद को लेकर पीडब्लूडी गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां पर वार्ता कर उन्हें वापस सहारनपुर भेज दिया गया। मुजफ्फरनगर जनपद निवासी सोनू कश्यप की कुछ दिन पूर्व मेरठ में हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद उसका जला हुआ शव बरामद हुआ था। इस मामले में मेरठ पुलिस ने एक नाबालिग को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा किया है। इसी मामले को लेकर भीम आर्मी के अध्यक्ष एवं आजाद सामाज पार्टी से नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास जा रहे थे।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर धीरे-धीरे चंद्रशेखर आजाद के समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। इस दौरान सिविल लाइन, मंडी व कोतवाली के प्रभारी निरीक्षकों के अलावा तीन सीओ ने भी सांसद चन्द्रशेखर से वार्ता कर कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए वापस लौटने को कहा, लेकिन सांसद आग बबूला हो गए। पुलिस कर्मियों पर घंटों भड़कते रहे।
इस दौरान शहीद बचन सिंह चौक व भोपा रोड पर जाम लग गया। बाद में तीन सीओ, सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह, मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बब्लू कुमार आदि पुलिस कर्मियों ने सांसद चन्द्रशेखर को किसी तरह समझाते हुए पीडब्लूडी गेस्ट हाउस लेकर पहुंचे, जहां पर वार्ता कर वापस सहारनपुर भेज दिया।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



