उधार के रुपये मांगने पर मारपीट, सात पर मुकदमा दर्ज
सोनभद्र में एक युवक के साथ मारपीट और नगदी छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने 1.35 लाख रुपये उधार दिए थे, जिसके बाद सात लोगों ने मिलकर उसे मारपीट कर 86 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने उधार दिए गए रुपये वापस मांगने पर युवक के साथ मारपीट, नगदी छीनने और बाइक क्षतिग्रस्त करने के मामले में शुक्रवार को सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ऐलाही गांव निवासी अमित पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने करीब छह माह पूर्व 1.35 लाख रुपये अभिषेक पटेल को दिलीप पटेल के माध्यम से उधार दिए थे। आरोप है कि 21 अप्रैल की सुबह करीब आठ बजे वह शीतला मंदिर रॉबर्ट्सगंज गया था। इसी दौरान अभिषेक पटेल, दिलीप पटेल समेत सात लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर उसे जबरन बाइक पर बैठाकर एक दुकान पर ले गए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने उससे 86 हजार रुपये ले लिए, जिसमें 60 हजार रुपये ऑनलाइन और 26 हजार रुपये नगद शामिल हैं। इसके बाद लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। किसी तरह वह जान बचाकर वहां से भाग निकला। आरोप है कि हमलावर उसकी बाइक भी छीन ले गए। पीड़ित की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को नामजद व अज्ञात समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


