Sonbhadra News: अनियंत्रित बाइक से गिरकर दो महिलाएं घायल, एक गंभीर
Sonbhadra News: म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में एक दर्दनाक घटना हुई, जब बाइक पर सवार दो महिलाएं सड़क पर बने गड्ढे में गिर गईं। गंभीर रूप से घायल एक महिला को म्योरपुर अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। स्थानीय लोग गड्ढों की मरम्मत की मांग कर रहे हैं।

Sonbhadra News: 0 म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में रात में हुई घटना 0 बीमार पति को देखने के लिए म्योरपुर से दुद्धी जा रही थी महिलाएं
म्योरपुर सोनभद्र, हिन्दुस्तान संवाद।
स्थानीय थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव में मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रविवार की रात बाइक सवार सड़क पर बने गड्ढे में अनियंत्रित होकर गिर गया। इससे बाइक पर सवार दो महिलाएं घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल एक महिला को म्योरपुर अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पति की तबियत खराब
बभनी थाना क्षेत्र के पतेरीटोला निवासी 40 वर्षीया इंद्रावती के पति राजेन्द्र की तबियत खराब होने के कारण उन्हें दुद्धी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंद्रावती रविवार की रात अपनी ननद जुर्रा गांव निवासी 35 वर्षीय फूल कुंवर पत्नी राजबली के साथ अपने पति को देखने बाइक से दुद्धी अस्पताल जा रही थी। बाइक इंद्रावती का देवर चला रहा था। रासपहरी गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी में सड़क पर बना गड्ढा दिखाई नहीं दिया। बाइक गड्ढे में पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई, जिससे पीछे बैठी दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. मयंक आदर्श ने प्राथमिक उपचार के बाद इंद्रावती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानलेवा साबित हो रहे गड्ढे
बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढे राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। वहीं उन्हें आवागमन में काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। रात में सामने से आने वाले वाहनों की तेज रोशनी के बीच गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरवाने की मांग की है।


