हर घर जल नल योजना का ग्रामीणों को नहीं मिल रहा लाभ
Sonbhadra News - सोनभद्र के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल नल योजना में समस्याएँ आ रही हैं। कई घरों में नल नहीं लगे हैं और ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत के द्वारा हैंडपंप के लिए नई बोरिंग पर रोक लगने के कारण स्थिति और खराब हो गई है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।

सोनभद्र, संवाददाता। जल जीवन मिशन से पानी सप्लाई के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लगाये जा रहे हर घर जल नल योजना के तहत शुद्ध जलापूर्ति न होने से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों के दरवाजे पर लगे नलों में पानी न आने से उनको आज भी पेयजल के जद्दोजहद करने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं अभी करीब दर्जनों गांवों में पाइप लाइन ही नहीं बिछायी जा सकी है और कागज में सभी घरों को पानी सप्लाई किया जाना दिखाया जा रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए शेष बचे गांवों में पाइप लाइन लगाने के साथ ही जलापूर्ति कराये जाने की मांग की है।
जल जीवन मिशन से सभी घरों को पानी देने के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल नल योजना से शुद्ध पेयजल की योजना सरकार के माध्यम से बनायी गयी है, लेकिन कर्मचारियों की लापरवाही के चलते अभी तक कुछ घरों तक पाइप लाइन ही नहीं पहुंच पायी है। जिस घर में नल नहीं लगाया गया उन घरों में पानी कहां से आता होगा यह सोचने की बात है। ग्राम पंचायत से अब एक भी हैंडपंप के लिए नई बोरिंग पर रोक लगने के कारण पेयजल को लेकर आज भी ग्रामीणों को इधर उधर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। नगवां ब्लाक क्षेत्र के खलियारी, पंडरी, रायपुर,सुअरसोत, तेनूडाही आदि दर्जनों गांवों में ऐसा देखने को मिल है कि बहुत घरों कों छोड़ दिया गया है। अब उन घरों में पानी कहां से आएगा को लेकर ग्रामीण काफी चितिंत नजर आ रहे हैं। खलियारी के ग्रामीणों में राजकुमार, विमलेश कुमार, अवधेश कुमार कुशवाहा आदि ने बताया कि हमारे घर पर आज तक जल नल नहीं लगाया जा सका है। इसके लिए हम लोगों ने क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को बहुत बार अवगत कराया तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर इसके लिए शिकायत भी किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सका है। इसके चलते आज भी हम लोगों को पानी के जद्दोजहर करनी पड़ रही है। इस सम्बन्ध में नगवां खंड विकास अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि यह विभाग हमारे कवरेज में नहीं आता फिर भी हम लेटर जारी करेंगे। जल जीवन मिशन के प्रोजेक्ट मैनेजर गजेन्द्र पांडेय ने कहा कि जल निगम से संस्तुति मिलने के बाद ही उन घरों में पानी सप्लाई के लिए कार्य किया जा सकता है। इसके बाद जल निगम के जूनियर अभियंता विवेक सिंह ने बताया कि हमे जानकारी नहीं है हम नाम नोट कर लें रहे हैं तत्काल इसकी जांच कराएंगे और जहां घरों में पानी सप्लाई नहीं हो रहा है वहां पर जैसे भी सम्भव होगा पाइप लाइन से नल लगाकर पानी सप्लाई किया जाएगा। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से शीघ्र शेष बचे घरों में हर घर नल जल योजना के तहत कनेक्शन देने के साथ शीघ्र जलापूर्ति कराये जाने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




