400 रुपये को लेकर धारदार हथियार से हमला, पांच घायल
म्योरपुर, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के सुपाचुआं गांव में गुरुवार की रात

म्योरपुर, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के सुपाचुआं गांव में गुरुवार की रात 400 रुपये के लेनदेन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान धारदार हथियार के हमले से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।म्योरपुर थाना क्षेत्र के परनी गांव में आयोजित छठी कार्यक्रम के लिए सुपाचुंआ गांव से 500 रुपये में बैंडबाजा बुक किया गया था। बुकिंग के समय 100 रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि 400 रुपये बकाया रह गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों पक्ष सुपाचुंआ गांव पहुंचे, जहां रात करीब साढ़े सात बजे बकाया राशि को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि बैंडबाजा पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे 40 वर्षीय मिश्रीलाल, 35 वर्षीय किशुनदेव, 32 वर्षीय ब्रह्मदेव पुत्रगण मोहन तथा उनके बहनोई 40 वर्षीय श्रवण कुमार निवासी सरडीहा घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से 45 वर्षीय ईश्वर पुत्र रामाधीन निवासी सुपाचुंआ भी चोटिल हो गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर लाया गया। म्योरपुर अस्पताल के डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि घायलों के सिर, पेट, छाती और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल तीनों भाइयों और उनके बहनोई को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 400 रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


