हर घर नल जल योजना को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
Sonbhadra News - बभनी के ग्राम पंचायत अरझट में हर घर नल योजना केवल शो पीस बनकर रह गई है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए जलापूर्ति की मांग की। 10 महीनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जबकि अधिकारी के आने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द जलापूर्ति नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
बभनी,हिंदुस्तान संवाद। क्षेत्र के ग्राम पंचायत अरझट के ब्राह्मण बस्ती में हर घर नल योजना महज शो पीस बन कर रह गयी है। इससे परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन कर आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल जलापूर्ति कराये जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही जलापूर्ति शुरू नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में इसे लेकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ेगा। बताते चले हैं कि बभनी क्षेत्र के ग्राम पंचायत अरझट के ब्राह्मण बस्ती में हर घर नल जल योजना का नल तो लगा दिया गया, लेकिन पानी नदारत है।
भूले भटके अगर पानी का दर्शन ब्राह्मण बस्ती में होता भी है तो वह काफी प्रदूषित होता है, जबकि 25 मई को शासन से नामित नोडल अधिकारी विशेष सचिव जयशंकर दुबे ने जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह के साथ अरझट गांव में चौपाल लगाकर हर घर नल योजना की जानकारी ली। चौपाल में ग्रामीणों ने योजना को फ्लॉप बताया। इसके बाद कार्यदाई संस्था ने दो महीने में पानी की सप्लाई सही करने का बात कही थी, लेकिन 10 महीने बीत जाने के बाद भी लोग पानी के लिए परेशान हैं। जलापूर्ति न होने के कारण घर के सामने हर घर नल जल योजना की लगी टोंटी महज शो पीस बन कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि सचिव साहब के आने के बाद दो तीन दिन लगातार पानी आया, इसके बाद पानी आना पूरी तरह से बंद हो गया। इसके लिए कई बार शिकायत करने के बाद भी को सुनवाई नहीं हो रही है। इससे यहां के ग्रामीणों में धीरे-धीरे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जबकि कागजों पर हर घर में रोज पानी पहुंचाया जा रहा है। आजिज होकर ग्रामीण पूजा पांडेय, धर्मशिला पांडेय, रीवा पांडेय, पूनम देवी, चिंता देवी पांडेय, जयंती पांडेय, नीलू पांडेय, कुंज बिहारी, श्याम बिहारी पांडेय, आदित्य कुमार, सदन लाल, रामदास, राजेंद्र प्रसाद, पन्नालाल ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराते हुए जल्द हर घर नल जल योजना का पानी शुरू करवाने की मांग की। इस बाबत जब जल निगम के अवर अभियंता जनार्दन यादव से बात करने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। जांच कर जलापूर्ति शीध्र बहाल करा दिया जायेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




