क्षतिग्रस्त सड़क पर जल जमाव से आवागमन में परेशानी

Mar 05, 2026 09:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share Share
Follow Us on

Sonbhadra News - शक्तिनगर के म्योरपुर विकास खंड में ग्राम पंचायत घरसड़ी और कोहरौलिया को जोड़ने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। जल जमाव और सड़क की खराब स्थिति के कारण बच्चे विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की मांग की है।

क्षतिग्रस्त सड़क पर जल जमाव से आवागमन में परेशानी

शक्तिनगर,हिंदुस्तान संवाद। म्योरपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत घरसड़ी व कोहरौलिया को जोड़ने वाली सड़क के क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। वहीं पाइप लीकेज होने के चलते सड़क पर हमेशा जल जमाव बना रह रहा है। इससे स्थिति काफी नारकीय हो गयी है। कई बार इसे लेकर ग्रामीणों ने संबंधितों को अवगत कराया, लेकिन संबंधितों के ध्यान न दिये जाने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी समस्या हो रही है। ग्रामीणों में ग्राम प्रधान व संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल सड़क मरम्मत कराये जाने की मांग की है।

ग्रामीणों में प्रेमी देवी, ब्रिंजू देवी, बनारसी, रामआशीष, जनकधारी, कांति लाल, दीपू, राकेश, कांता, दिलीप, जगदीश आदि ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग वर्ष 1962 से यहां लोग निवासरत हैं। एनसीएल के माध्यम से लगभग वर्ष 1999 में गिट्टी, सोलिंग, मोरम डालकर ग्रामीणों के लिए आधा-अधूरा रास्ता बनाया था, लेकिन कुछ महीने बाद ही वह सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान के माध्यम से इस सड़क का बीच में न तो कभी मरम्मत कराया गया और न ही इसके मरम्मत के लिए कोई कारगर पहल ही की जा सकी है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस सड़क को लेकर कई बार जिला प्रशासन को भी अवगत कराया गया, लेकिन आज तक इस ओर कोई कारगर पहल नहीं की जा सकी है। बताया कि इस बस्ती के आने-जाने वाले लोगों के लिए यह काफी नजदीक का रास्ता है। इससे ज्यादातर लोग इसी रास्ते से होकर अपने घरों तक पहुंचते हैं। सड़क पूरी तरह से कच्चा होने के चलते बरसात के दिनों में इस सड़क से आवागमन करने में काफी परेशानी हो रही है। इस सड़क पर डाली गयी मिट्टी बरसात के पानी से पूरी तरह से बह गयी है। इससे मिट्टी के नीचे दबी गिट्टी पूरी तरह से बाहर आ गयी है, जिसके चलते सड़क पूरी तरह से उबड़ खाबड़ हो गयी है। संबंधितों के ध्यान न दिये जाने के कारण ग्रामीणों को मजबूर होकर इस क्षतिग्रस्त सड़क से अपनी जान हथेली पर रख कर आवागमन करने को विवश होना पड़ रहा है। सड़क खराब होने से बस्ती के स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि वोट मांगने चले आते हैं, लेकिन ग्रामीणों के लिए सड़क मुहैया आज तक नहीं हों पाया। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि हर घर नल योजना द्वारा कार्य कर रही कार्यदायी संस्था के माध्यम से कोहरौलिया व आजाद नगर पहाड़ी पर टंकी बनाया गया है। इससे लगातार पानी का लीकेज होने के चलते पूरी सड़क पर लगातार जल जमाव बना रह रहा है। इससे सड़क की स्थिति पूरी तरह से नारकीय हो गयी है। ग्रामीणों के माध्यम से कंपनी के अधिकारियों को कई बार पानी निकासी के लिए अवगत कराया गया, लेकिन सिर्फ आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। सड़क की गंभीर समस्या को लेकर किसी जनप्रतिनिधि का ध्यान नहीं है। बताया कि बरसात के मौसम में घरों में पानी घुस जाता है जिससे और भी समस्या उत्पन्न हो जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि कोहरौलिया व घरसड़ी हरिजन व ब्राह्मण बस्ती में कुल 60 घर है। इस बस्ती की कुल आबादी लगभग 800 की है। आज भी यहां के ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कराने की मांग जिला प्रशासन से की है। इस विषय पर ज़ब घरसड़ी प्रधान से फोन पर वार्ता करना चाहा लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। वही कोहरौलिया प्रधान का मोबाइल स्विच ऑफ़ रहा।इस सड़क के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी अभी तक नहीं है। अगर सड़क क्षतिग्रस्त है तो उसके लिए अप्रैल माह में खुली बैठक कर सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव बना कर कार्ययोजना में डाल दिया जायेगा और बजट आते ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जायेगा।-यशवंत गौतम, ग्राम पंचायत अधिकारी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।