Sonbhadra News: िक कि
Sonbhadra News: ड्रोन को लेकर अफवाहों से रहें सावधान, भ्रामक सूचना पर होगी कार्रवाई ड्रोन को

Sonbhadra News: सोनभद्र, संवाददाता। ड्रोन को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच जनपद पुलिस ने जनपदवासियों से सतर्क रहने और किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाकर लोगों में भय और भ्रम का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जारी जनहित अपील में कहा गया है कि हाल के दिनों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ असामाजिक तत्व सामान्य इलेक्ट्रॉनिक खिलौनों, रोशनी वाले उड़ने वाले उपकरणों अथवा अन्य प्रकाशयुक्त वस्तुओं को ड्रोन बताकर लोगों में अनावश्यक दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
ऐसी अपुष्ट सूचनाओं से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। जनपद पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी सूचना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से साझा न करें। साथ ही अफवाहों के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ अभद्रता, मारपीट या कानून अपने हाथ में लेने जैसी कार्रवाई न करें। पुलिस ने अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध ड्रोन, उड़ने वाली वस्तु अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल यूपी-112, स्थानीय पुलिस या निकटतम थाने को दें, ताकि समय रहते जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति ड्रोन संचालन, झूठी अफवाह फैलाकर समाज में भय का वातावरण बनाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।


