Sonbhadra News: फर्जी ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों ने बंद रखी कलम

हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share

Sonbhadra News: फर्जी ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों ने बंद रखी कलमफर्जी ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों ने बंद रखी कलमफर्जी ट्रैप कार्रवाई के विरोध में ले

Sonbhadra News: फर्जी ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों ने बंद रखी कलम

Sonbhadra News: सोनभद्र,संवाददाता। अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल के विरुद्ध हुई ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को राबर्ट्सगंज तहसील समेत घोरावल, ओबरा और दुद्धी के लेखपालों ने एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल की।

धरना-प्रदर्शन का आयोजन

थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए लेखपालों ने अपने-अपने तहसील क्षेत्र के परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का अग्रिम पंक्ति का कर्मचारी है। भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण समेत विभिन्न राजस्व कार्यों के लिए उसे गांव-गांव जाकर अपनी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। आरोप लगाया कि कई बार भूमि विवाद या नियम विरुद्ध कार्य कराने से मना करने पर संबंधित व्यक्ति अथवा दलाल रंजिश के चलते झूठी शिकायत कर लेखपाल को फंसाने का प्रयास करते हैं। संघ का आरोप है कि कई मामलों में शिकायत की वास्तविकता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, रंजिश और लेखपाल के अधिकार क्षेत्र की पर्याप्त जांच किए बिना ट्रैप कार्रवाई की जा रही है। इससे लेखपालों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। संघ ने स्पष्ट किया कि वह भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करता, लेकिन किसी निर्दोष कर्मचारी को झूठी शिकायत अथवा षड्यंत्र के जरिए फंसाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में अयोध्या के सोहावल प्रकरण की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की समीक्षा करने तथा ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की जांच अनिवार्य किए जाने की मांग की। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष संजय सिंह, मंत्री साजिद खान वारसी, श्री भगवान, पंकज, मनीष सिंह, अनिल सिंह, वंदना, रेशमा, कल्पना, रूबी, संजीव, विवेकानंद तिवारी, सुधीर कुमार पटेल, कन्हैयालाल पटेल और हरेंद्र प्रसाद समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

घोरावल में विरोध

घोरावल में साथी लेखपाल की गिरफ्तारी के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की घोरावल तहसील इकाई के लेखपालों ने शनिवार को तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। तहसीलदार कार्यालय के सामने जुटे लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष गोपेंद्र पांडेय व लेखपाल मौजूद रहे।

दुद्धी में कार्य बहिष्कार

दुद्धी में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को दुद्धी तहसील क्षेत्र के लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के विरोध में कार्य बहिष्कार कर तहसील परिसर में धरना दिया। अयोध्या जनपद की सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल के खिलाफ एंटी करप्शन टीम के माध्यम से की गई कार्रवाई को लेखपाल संघ ने एकतरफा और कथित रूप से फर्जी बताते हुए विरोध जताया। तहसील संघ के मंत्री लालबाबू सरोज के नेतृत्व में लेखपाल तहसील परिसर में दरी बिछाकर धरने पर बैठे। कार्य बहिष्कार के चलते राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित रहे। तहसील पहुंचे फरियादियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में क्षेत्रीय लेखपाल भी शामिल नहीं हुए। धरने के बाद लेखपाल संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र तहसीलदार अंजनी गुप्ता को सौंपा। धरने के दौरान मालाधारी सिंह, विमलेश श्रीवास्तव, कुंदन कन्नौजिया, अशोक, विशाल, सुदन, मकबूल, अनिल, शाश्वत समेत बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।

ओबरा में हड़ताल

ओबरा। अयोध्या जनपद के सोहावल तहसील में लेखपाल को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को ओबरा तहसील के दर्जनों लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार किया। लेखपालों ने एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल कर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन ओबरा एसडीएम को सौंपा। उनका आरोप है कि कई मामलों में एंटी करप्शन एवं विजिलेंस टीम शिकायत की वास्तविकता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, आपसी रंजिश, शिकायत के उद्देश्य तथा संबंधित कार्य में लेखपाल की वास्तविक भूमिका और अधिकार क्षेत्र का पर्याप्त परीक्षण किए बिना ट्रैप की कार्रवाई कर देती है। इससे लेखपालों में भय और रोष का माहौल है। लेखपालों ने कहा कि अयोध्या के सोहावल प्रकरण से संबंधित वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ऐसी घटनाओं से प्रदेश के लेखपालों में भय, मानसिक प्रताड़ना और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लेखपाल संघ ने मांग की कि सोहावल प्रकरण की जांच निष्पक्ष रूप से एसआईटी से कराई जाए और निर्दोष कर्मचारी को न्याय दिया जाए। इस मौके पर संघ के अध्यक्ष कुलदीप सिंह, ओम प्रकाश, ज्योति जायसवाल, अरविंद यादव, श्याम बली, बबलू, नीलम द्विवेदी, अमित कुमार सिंह, सत्यप्रकाश मौर्य आदि मौजूद रहे।

सामान्य प्रश्न

✦उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने हड़ताल क्यों की?−
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अयोध्या की तहसील सोहावल में हुई ट्रैप कार्रवाई के विरोध में हड़ताल की।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP Newsसोनभद्रSonbhadra News: फर्जी ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपालों ने बंद रखी कलम