Sonbhadra News: खड़े ट्रैक्टर में पीछे से घुसे बाइक सवार युवक की मौत
Sonbhadra News: विण्ढमगंज में मंगलवार रात एक सड़क दुर्घटना में 23 वर्षीय कमलेश की मौत हो गई, जबकि उसके साढू रामशकल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बीजपुर से घिवही गांव जा रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल हाइवे पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। कमलेश की शादी केवल चार महीने पहले हुई थी।

Sonbhadra News: विण्ढमगंज, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के विण्ढमगंज स्थित कर्बला के पास हाइवे पर मंगलवार रात सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से घुसे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक सवार उसका साढू भी खडे़ ट्रैक्टर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों अलग-अलग बाइक से बीजपुर के खम्हरिया से विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के घिवही गांव जा रहे थे। विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के घिवही गांव निवासी 23 वर्षीय कमलेश पुत्र स्व. विश्वनाथ मंगलवार की रात अपने साढू बीजपुर थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव निवासी रामशकल पनिका पुत्र बासदेव के साथ विण्ढमगंज के घिवही गांव आ रहे थे।
दोनों अलग-अलग बाइक से थे। जैसे ही वे विण्ढमगंज के कर्बला के पास हाइवे पर पहुंचे, इसी दौरान दोनों की बाइक सड़क के किनारे खडे़ ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे सलैयाडीह गांव निवासी अभिषेक प्रताप सिंह ने तत्काल कमलेश को अपनी बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया। चिकित्सक सतेन्द्र प्रसाद ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद कमलेश ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे बाइक पर सवार रामशकल को प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया गया। ग्रामीणों की सूचना पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और विधिक कार्रवाई में जुट गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और कमलेश का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगे। बताया गया कि कमलेश की शादी महज चार माह पहले ही हुई थी। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


