हरियाणा के हिसार निवासी युवक सोनभद्र में बैडमिंटन खेलते समय अचानक गिरा, टूटी सांस
Sonbhadra News - शक्तिनगर(सोनभद्र), हिन्दुस्तान संवाद। बीना चौकी क्षेत्र के कृष्णशिला अधिकारी क्लब के खेल भवन में
शक्तिनगर(सोनभद्र), हिन्दुस्तान संवाद। बीना चौकी क्षेत्र के कृष्णशिला अधिकारी क्लब के खेल भवन में शनिवार की रात बैडमिंटन खेलते खेलते एक युवक बेहोश होकर गिर गया। मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह बीना में कृष्णशिला परियोजना में डंपर आपरेटर के पद पर तैनात था। इस घटना से मौजूद सभी लोग हतप्रभ रह गए। हरियाणा के हिसार जिले के मूल निवासी 26 वर्षीय अशोक नारु पुत्र जोगेंद्र सिंह कृष्णशिला परियोजना में डंपर ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। वे बीना आवासीय परिसर कॉलोनी में अपने पत्नी और लगभग एक वर्षीय एकलौते पुत्र के साथ रहते थे।
वे प्रतिदिन शाम को ड्यूटी से आने के बाद कृष्णशिला अधिकारी क्लब खेल भवन में बैडमिंटन खेलने जाते थे। शनिवार देर शाम भी वे प्रतिदिन की भांति बैडमिंटन खेलने के लिए कृष्णशिला अधिकारी क्लब खेल भवन पहुंचे। वे बैडमिंटन खेलते खेलते ही अचानक बेहोश होकर गिर गए। यह देख वहीं साथ में बैडमिंटन खेल रहे अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल उन्हें आनन फानन में अटल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। नेहरू चिकित्सालय के डॉक्टरों नें जाँच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना अस्पताल के मेमों के जरिए बैढन थाने को दी गई। सूचना मिलते ही वैढन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टामर्टम के लिए भेज दिया। डंपर आपरेटन की अचानक मौत से सभी हतप्रभ रह गए। वहीं उनकी पत्नी का रो-रो कर हाल बेहाल रहा। घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों को भी दे दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




