शादी में आए मासूम का कुएं में उतराया मिला शव
बभनी थाना क्षेत्र के अहीर बुढ़वा गांव में एक चार वर्षीय मासूम जीनू भारती का शव कुएं में मिला। शादी समारोह के दौरान लापता हुए जीनू की हत्या का आरोप उसके नाना ने लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सांगोबांध, हिन्दुस्तान संवाद। बभनी थाना क्षेत्र के अहीर बुढ़वा गांव अपने ननिहाल में आए मासूम का बुधवार की रात कुएं में उतराया हुआ शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मासूम की मौत के बाद शादी समारोह मातम में बदल गया। मासूम के नाना ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। केवाल गांव निवासी चार वर्षीय जीनू भारती पुत्र सुनील कुमार अपनी मौसी की शादी में शामिल होने करीब एक सप्ताह पहले अपने ननिहाल आया था। बुधवार रात घर में मंडप कार्यक्रम चल रहा था और परिवार के लोग शादी की रस्मों में व्यस्त थे।
इसी दौरान रात करीब नौ बजे जीनू अचानक लापता हो गया। परिजनों ने पहले घर और आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चलने पर डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर देर रात तक खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद घर से लगभग 150 मीटर दूर स्थित एक पक्के कुएं में बच्चे का शव उतराया हुआ दिखाई दिया। शव मिलते ही शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक के नाना रामबृक्ष ने घटना को हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जीनू की मां की मौत उसके जन्म के एक सप्ताह बाद ही हो गई थी। आरोप लगाया कि उनके नाती की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक बभनी दिन्नू यादव ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


