बालू लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से किशोर की मौत, तीन घायल
रविवार की सुबह रन्दह बाजार के पास एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जब वह बाइक सवार को बचाने की कोशिश कर रहा था। इस दुर्घटना में 17 वर्षीय अवधेश की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के रन्दह बाजार के पास रविवार की सुबह बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित होकर बालू लदा ट्रैक्टर पलट गया। इससे ट्रैक्टर पर सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बभनी के रंदह सागेसोती से रविवार की सुबह एक ट्रैक्टर बालू लाद कर आसनडीह की तरफ जा रहा था। सुबह लगभग 10 बजे ट्रैक्टर जैसे ही रंदह बाजार के पास पहुंचा, इसी दौरान एक बाइक सवार अचानक सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खेत में पलट गया।
इससे ट्रैक्टर पर सवार बभनी के करचाटोला निवासी 17 वर्षीय अवधेश पुत्र कैलाश यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गया। गंभीर हालत में उसे बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वही ट्रैक्टर पर सवार 18 वर्षीय राजेश पुत्र नन्दकेश्वर, 19 वर्षीय अरविंद पुत्र पारस और 17 वर्षीय छोटूराम पुत्र लखन सभी निवासी करचाटोला, घायल हो गए। परिजन तीनों को इलाज के लिए अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़ ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में पहुंचे उपनिरीक्षक अखिलेश पाठक ने बताया कि शव को मेमो के आधार पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


