बोलेरो के धक्के से बाइक सवार तीन युवक घायल
Sonbhadra News - बभनी थाना क्षेत्र के बचरा बाजार के पास एक बोलेरो के धक्के से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत गंभीर है। घटना के बाद बोलेरो चालक फरार हो गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र...

बभनी, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के बचरा बाजार के समीप महुअरिया-शीशटोला मार्ग पर शुक्रवार की रात बोलेरो के धक्के से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। बाइक सवार बभनी थाना क्षेत्र के बिछियारी से बभनी जा रहे आ रहे थे। घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार बाइक सवार 35 वर्षीय राजेन्द्र गोंड पुत्र मंधारी गोंड निवासी बभनी, 30 वर्षीय रामसरन गोंड पुत्र प्रभु गोंड निवासी सुपाचुआ म्योरपुर तथा 26 वर्षीय भरत सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी बभनी शुक्रवार की रात बिछियारी अपने साढू के घर से अपने घर बभनी आ रहे थे। विपरीत दिशा से जा रही बोलेरो से साइड में धक्का लग गया जिससे बाइक सवार दूर जा गिरे। आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। धक्का मारने के बाद बोलेरो मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल बभनी पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक शिवमूरत यादव घटनास्थल पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले गये। चिकित्सकों ने राजेन्द्र गोंड और रामसरन की हालत गंभीर देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि बोलेरो की पहचान कराई जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।