पांच दिन से लापता छात्र का मुक्खा फाल में मिला शव
घोरावल। हिन्दुस्तान संवाद घर से पांच दिन से लापता एक छात्र का शव क्षत-विक्षत...
घोरावल। हिन्दुस्तान संवाद
घर से पांच दिन से लापता एक छात्र का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मुक्का फाल में मिला। वह 10 अगस्त को घर से निकला था। उसके बाद लौट कर नहीं आया।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम मुक्खा फाल के पास पत्थरों के बीच एक क्षत-विक्षत शव चरवाहों ने देख कर पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में निरीक्षक रामसहाय सिंह और उपनिरीक्षक जयप्रकाश पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति देखकर लोगों ने कयास लगाया कि एक सप्ताह के भीतर का है। पुलिस को मुक्खा गांव के एक युवक की बीते पांच दिनों से अपने घर से लापता होने की सूचना तत्काल याद आई। इस पर उप निरीक्षक जयप्रकाश ने लापता चल रहे युवक 20 वर्षीय निशांत दुबे, निवासी मुक्खा के परिजनों को सूचना दी। निशान्त के बड़े भाई प्रशांत दुबे घर के कुछ लोगों व ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचे। प्रशान्त को पुलिस ने शव दिखाया। शव का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। उसके शरीर पर पड़े कपड़ों को देख कर प्रशांत ने लापता भाई निशांत दुबे की शिनाख्त की। पुलिस के अनुसार निशांत 10 अगस्त को घर से किसी बात से नाराज होकर चला गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता न चलने पर 11 अगस्त को उसके पिता विजेन्द्र मणि दुबे ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। निशांत ने इसी साल इंटर की परीक्षा पास की थी।
