जंगल में पेड़ से लटकता मिला लापता किशोर का कटा सिर
Sonbhadra News - चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के जंगल में एक किशोर का कटा सिर मिला है, जो 30 दिन से लापता था। पुलिस ने जांच शुरू की और शव के अन्य हिस्से भी खोजे जा रहे हैं। मृतक की पहचान 16 वर्षीय मंगल प्रसाद के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण स्पष्ट होंगे।
डाला, हिन्दुस्तान संवाद। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के टोला पतगड़ी स्थित जंगल में मंगलवार को तेंदू के पेड़ से बेल्ट के सहारे लटकते सड़े-गले हाल में एक किशोर का कटा सिर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चोपन पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए सिर, कपड़े व हड्डियों के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मृतक की पहचान 16 वर्षीय मंगल प्रसाद पुत्र राम बिलास निवासी जवारीडांड कोटा के रूप में की है, जो करीब 30 दिनों से लापता था। वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित पतगड़ी जंगल में ग्रामीणों ने तेंदू के पेड़ पर बेल्ट के सहारे लटकता मानव सिर देखा।
पास जाकर देखने पर धड़ गायब मिला। आशंका जताई जा रही है कि जंगल के जानवरों ने शव के बाकी हिस्सों को नोचकर खा लिया। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। मृतक के बड़े भाई रवि ने बताया कि मंगल प्रसाद 19 जनवरी को घर से नाराज होकर चला गया था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका, जिसके बाद चोपन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। अब कपड़ों और सिर के आधार पर उसकी पहचान की गई है। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि मौके से सिर, कपड़े और कुछ दूरी पर हड्डियों के अवशेष मिले हैं। प्रथम दृष्टया शव करीब 20 से 25 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने सभी अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


