Hindi NewsUttar-pradesh NewsSonbhadra NewsSuspicious Fire Engulfs Nurse s Car at Duddhi Community Health Center
संदिग्ध हाल में स्टाफ नर्स की कार में लगी आग, जलकर खाक

संदिग्ध हाल में स्टाफ नर्स की कार में लगी आग, जलकर खाक

संक्षेप:

Sonbhadra News - दुद्धी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार रात एक स्टाफ नर्स की कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कार का 70 प्रतिशत हिस्सा जल गया। एंबुलेंस भी आग की चपेट में आ गई, लेकिन समय पर आग पर काबू पा लिया गया। घटना की जांच की मांग उठ रही है।

Feb 09, 2026 01:05 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share Share
Follow Us on

दुद्धी, हिन्दुस्तान संवाद। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी परिसर में रविवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक स्टाफ नर्स की कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते लाल रंग की कार लगभग 70 प्रतिशत जलकर खाक हो गई। वहीं पास में खड़ी एंबुलेंस भी आग की चपेट में आ गई, जिससे उसमें भी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सीएचसी दुद्धी में तैनात स्टाफ नर्स सरोज खान रविवार रात करीब 12 बजे अपने बेटे के साथ कहीं से लौटकर अस्पताल परिसर के ब्लड बैंक सेंटर से कुछ दूरी पर अपनी कार खड़ी कर सरकारी आवास चली गई थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उनके जाने के कुछ ही देर बाद अचानक कार से आग की लपटें उठने लगी। रात के सन्नाटे में जलती कार पर जब एंबुलेंस कर्मियों और भर्ती मरीजों की नजर पड़ी तो अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। शोर-शराबा होने पर एंबुलेंस कर्मियों ने तत्काल नर्स को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। बताया गया कि आग की लपटें इतनी तेज थी कि पास खड़ी एंबुलेंस भी उसकी चपेट में आ गई। हालांकि समय रहते आग बुझा लेने से एंबुलेंस को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार, सुबह जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो उसमें कार में अपने आप आग लगने की तस्वीरें कैद दिखी। फुटेज में आग तेजी से फैलती नजर आई, जिसके बाद लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और मामले की जांच की मांग उठ रही है।