
लकड़ा बांध के गेट वाल्व में गिरने से एक व्यक्ति की मौत
Sonbhadra News - दुद्धी के धनौरा गांव में लकड़ा बांध के गेट वाल्व में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव की पहचान 46 वर्षीय भागीरथी प्रसाद के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस से जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
दुद्धी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव में लकड़ा बांध के गेट वाल्व में संदिग्ध परस्थितियों में एक व्यक्ति का शव उतराया मिला। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव में शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने लकड़ा बांध के गेट वाल्व में एक व्यक्ति का शव उतराया देखा। शव की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पाकर ग्राम प्रधान सुभाष भारती भी मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाल और कस्बा चौकी इंचार्ज भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव को गेट वाल्व से निकलवाकर उसकी पहचान कराया। मृतक की पहचान 46 वर्षीय भागीरथी प्रसाद पुत्र स्व जियुत प्रसाद निवासी ग्राम धनौरा, स्थायी पता रामनगर वार्ड 7 नगर पंचायत दुद्धी के रूप में हुई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई। मृतक के दो लड़का व दो लड़की हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल रहा। मृतक के पुत्र ने कोतवाली में तहरीर देकर पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच की मांग की। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सुबह एक व्यक्ति का शव लकडा बांध धनौरा से निकली नहर के प्रारंभिक छोर पर औधे मुँह पानी में उतराया हुआ मिला है। इसकी सूचना प्रधान द्वारा प्राप्त हुई थी, जिसको लेकर आगे की कार्यवाही की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




