फार्मर रजिस्ट्री में अनुपस्थित लेखपाल को स्पष्टीकरण
सोनभद्र में फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत अधिकारियों की लापरवाही पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि यह योजना शासन की प्राथमिकता है। मंगलवार को एक विशेष कैम्प में अनुपस्थित लेखपाल को नोटिस जारी किया गया। विशेष शिविर 6 से 15 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें त्रुटियों को सुधारने की प्रक्रिया भी चलेगी।

सोनभद्र। जनपद में संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत आयोजित विशेष कैम्पों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि यह शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाली योजना है, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। इसी क्रम में मंगलवार को ग्राम पंचायत परही में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैम्प के उप निदेशक कृषि की तरफ से निरीक्षण के दौरान लेखपाल कंचन मौर्या अनुपस्थित पायी गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद में छह अप्रैल से 15 अप्रैल तक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा रही है। इन शिविरों में कृषि विभाग, राजस्व विभाग और पंचायती राज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की खतौनी में नाम और आधार में असमानता या अन्य त्रुटियों के कारण रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है, उनके अभिलेख एकत्र कर संशोधन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


