अकीदत के साथ अदा की गई रमजान के तीसरे जुमे की नमाज
Sonbhadra News - सोनभद्र में रमजान के तीसरे जुमे की नमाज शुक्रवार को अकीदत के साथ अदा की गई। नमाज के बाद देश में अमन और चैन की दुआ मांगी गई। मस्जिदों के सामने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौलानाओं ने रमजान के महत्व पर प्रकाश डाला और लोगों को ज़कात देने की सलाह दी।
सोनभद्र, संवाददाता। जिले में रमजान की तीसरे जुमे की नमाज शुक्रवार को रोजेदारों ने अकीदत के साथ अदा की। नमाज के बाद हुई दुआख्वानी में मुल्क के अमन और चैन की दुआ मांगी गई। इस दौरान मस्जिदों के समक्ष सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। जगह-जगह पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था। राबर्ट्सगंज नगर सहित आसपास की मस्जिदों पर शुक्रवार को रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा करने के लिए रोजेदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। रोजेदारों ने मस्जिदों में पहुंचकर पूरी अकीदत से रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा की। राबर्ट्सगंज नगर स्थित जामा मस्जिद, नई बस्ती मस्जिद, पूरब मोहाल मस्जिद के साथ ही उरमौरा मस्जिद में भी रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई।
जुमे की नमाज से पहले मौलानाओं ने तकरीर कर लोगों को झूठ, फरेब से बचने की सलाह दी। वहीं लोगों को रमजान की फजीलत के बारे में बताया। वहीं नमाज के बाद हुई दुआख्वानी में मुल्क में अमन चैन की दुआ की गई। इस दौरान सुरक्षा की भी चाक चौबंद व्यवस्था रही। मस्जिदों के पास पुलिस के जवान तैनात रहे।दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कस्बे में स्थित मस्जिदों में रमजान के तीसरे जुमे की नमाज सकुशल सम्पन्न हुई। मकतब जब्बरिया/ ईदगाह में हाफिज तौहीद साहब ने जुमे की नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि रमज़ान का महीना मुसलमानों के लिए रहमत और बरकत का महीना है। इस महीने के जुमे की खास अहमियत होती है। रमज़ान का तीसरा जुमा भी बहुत मुबारक माना जाता है, जिसमें मुसलमान ज़्यादा से ज़्यादा नमाज़, दुआ और इबादत करते हैं। वहीं दूसरी तरफ रज़ा जामा मस्जिद में रमजान के तीसरे जुमे की नमाज मौलाना नज़ीर साहब ने अदा कराई। उन्होंने कहा कि धार्मिक विद्वानों के अनुसार इस महीने में ज़कात और सदक़ात देना बहुत बड़ा नेक काम है। ज़कात से गरीबों और जरूरतमंदों की मदद होती है और समाज में भाईचारा बढ़ता है। इसलिए मुसलमानों को चाहिए कि वे इबादत के साथ-साथ ज़कात और सदक़ात देकर जरूरतमंदों की मदद करें और अल्लाह की रहमत हासिल करें। सुरक्षा के दृष्टिगत प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह व एसआई श्याम नारायण यादव, कांस्टेबल सर्वेश सिंह आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


