लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण पर चौकी प्रभारियों को दिए निर्देश
Sonbhadra News - सोनभद्र में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने चौकी प्रभारियों के साथ एक समीक्षा गोष्ठी की। इस बैठक में लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाए और जनसुनवाई के दौरान मिली शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।
सोनभद्र, संवाददाता। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जनपद के समस्त चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी कर लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान चौकी स्तर पर लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि लंबित एवं आंशिक रूप से लंबित विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चौकियों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों, जनशिकायतों तथा आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए तय समय सीमा में कार्रवाई पूरी की जाए।
बैठक के दौरान चौकी प्रभारियों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों, एनबीडब्ल्यू वारंटों में गिरफ्तारी की प्रगति, यक्ष ऐप पर की गई फीडिंग तथा ई-साक्ष्य एवं एसआईडी पोर्टल पर अद्यतन प्रविष्टियों की भी जांच की गई। इसके साथ ही माह में किए गए सराहनीय कार्यों की जानकारी भी ली गई। एसपी ने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों का गहन परीक्षण कर विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही और अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने पर जोर दिया। गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पांडेय, क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


