पुलिस का सघन अभियान, 24 घंटे में 98 वारंटी गिरफ्तार
Sonbhadra News - सोनभद्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने 24 घंटे चले विशेष अभियान में 98 वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न थानों की टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए फरार अपराधियों की धरपकड़ की। अभियान में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने सबसे अधिक सफलता हासिल की।
सोनभद्र, संवाददाता। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और फरार अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जनपद पुलिस ने सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रविवार को 24 घंटे तक चले विशेष अभियान के दौरान जिले भर से कुल 98 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में किया गया। जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ की। अभियान के दौरान थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस सबसे आगे रही, जहां से सर्वाधिक 19 वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई।
इसके अलावा दुद्धी ने सात, चोपन ने छह, करमा ने चार, घोरावल ने तीन, शाहगंज ने दो, पन्नूगंज ने छह, रायपुर ने चार, मांची ने तीन, रामपुर बरकोनिया ने एक, ओबरा ने चार, कोन ने पांच, जुगैल ने दो, विंढमगंज ने तीन, म्योरपुर ने पांच, बभनी ने आठ, बीजपुर ने तीन, पिपरी ने चार, अनपरा से चार व शक्तिनगर पुलिस ने पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




