
शिकायत निस्तारण में सोनभद्र पुलिस प्रदेश में अव्वल
Sonbhadra News - सोनभद्र पुलिस ने जन शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर जनवरी में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में जनपद को 125 में से 125 अंक मिले हैं। सभी पुलिसकर्मियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हुआ।
सोनभद्र, संवाददाता। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में जनपद सोनभद्र पुलिस ने जन शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में माह जनवरी में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जनपद को कुल 125 अंकों में से 125 अंक प्राप्त हुए, जो उत्कृष्ट कार्यशैली और प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम है। शासन की मंशा के अनुरूप अधिकारियों की तरफ से समय-समय पर शिकायतों की समीक्षा की गई तथा निस्तारण में आ रही कमियों को दूर करते हुए प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया गया। आईजीआरएस प्रकोष्ठ में नियुक्त पुलिसकर्मियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ समाधान सुनिश्चित हो सका।
उल्लेखनीय है कि जनपद के 21 थानों ने भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश स्तर की थाना रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनपद पुलिस की प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और जवाबदेही को दर्शाती है। एसपी अभिषेक वर्मा ने आईजीआरएस कार्य में लगे सभी पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी जन शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा आमजन को त्वरित न्याय दिलाने हेतु निरंतर प्रयास जारी रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




