सीजन का सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार, झुलसाती धूप से लोग बेहाल

Apr 14, 2026 10:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share

Sonbhadra News - सोनभद्र में गर्मी ने अचानक तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोग परेशान हैं। सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और बाजारों में मौसमी फलों की मांग बढ़ गई है। विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।

सीजन का सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार, झुलसाती धूप से लोग बेहाल

सोनभद्र, संवाददाता। जिले में गर्मी ने अचानक तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार अब तक इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। झुलसाती धूप से लोग बेहाल दिखाई दे रहे थे। जिसका असर यह हुआ है कि बीते 24 घंटे में तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 36. डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस था। इस तेज बढ़ोतरी ने मौसम को अचानक तपिश भरा बना दिया है।

सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। सूरज के निकलते ही तेज धूप ने असर दिखाना शुरू कर दिया और सुबह के समय ही लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, धूप और अधिक तीखी होती चली गई। दोपहर तक स्थिति ऐसी हो गई कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कई स्थानों पर लू जैसे हालात महसूस किए गए। गर्म हवा के चलने से लोगों के चेहरे झुलस जा रहे थे। भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ तौर पर देखने को मिला। आम दिनों की तुलना में सड़कों पर आवाजाही काफी कम रही। राबर्ट्सगंज नगर समेत सभी चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले और अधिकतर लोग दिनभर घरों में ही रहने को मजबूर रहे। दोपहर के समय तो सड़कें लगभग खाली नजर आईं। गर्मी के बढ़ते असर के चलते लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। राहगीरों को धूप में निकलते समय सिर ढंककर चलना पड़ा, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। मेडिकल कालेज के वरिष्ठ फिजिशियन डा. एसएस पांडेय ने बताया कि तापमान में अचानक बढ़ोतरी शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में यदि समय रहते सावधानी बरतने की सलाह दी गई।गर्मी के तेवर बढ़ते ही पेय पदार्थों के साथ ही मौसमी फलों की भी डिमांड बढ़ गई है। दुकानों पर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी। बाजारों में खरबूजा, तरबूज, मौसमी आदि फसलों की बिक्री भी बढ़ गई है। गर्मी से बचने के लोग पेय पदार्थों का सहारा ले रहे थे।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।