Sonbhadra News: पति की पिटाई से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत
Sonbhadra News: सोनभद्र के शाहगंज थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद कथित मारपीट में घायल रामदुलारी की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनका बेटा उन्हें कैर जंगल में घायल अवस्था में पाकर अस्पताल ले गया था। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Sonbhadra News: सोनभद्र, संवाददाता। शाहगंज थाना क्षेत्र में रविवार को पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद मारपीट में घायल महिला की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाहगंज थाना क्षेत्र के राजपुर मुसहर बस्ती निवासी 50 वर्षीय रामदुलारी अपने पति मुन्ना के साथ चोपन क्षेत्र के गुरदह में जमीन लेकर पाही पर खेती करती थी। दोनों प्रत्येक रविवार को अपने घर आते थे। रविवार को भी पति-पत्नी गुरदह से राजपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महुअरिया के कैर जंगल के पास दोपहर में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने रामदुलारी की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई। शाम करीब पांच बजे तक माता-पिता के घर नहीं पहुंचने पर उनका बेटा अरुण तलाश करते हुए कैर जंगल पहुंचा। वहां उसकी मां घायल अवस्था में अचेत पड़ी मिली, जबकि पिता नशे की हालत में था। अरुण मां को लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा, जहां रात में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बेटे अरुण ने शाहगंज थाने में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। शाहगंज थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हुई है। बाप ने शराब का सेवन किया हुआ था। सोमवार को बेटे की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

