डीसीएम से 85 किलो गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
Sonbhadra News - होली पर्व के दौरान चोपन पुलिस ने चेकिंग अभियान में 85 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया। वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया। गांजे की कीमत लगभग 17 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी ने बताया कि उड़ीसा से गांजा लाने के लिए उसे पैसे का लालच दिया गया था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

सोनभद्र, संवाददाता। होली पर्व के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान चोपन पुलिस को मंगलवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चोपन पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पटवध के पास से डीसीएम से 85 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन समेत कुल बरामदगी की कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने मंगलवार को राबर्ट्सगंज कोतवाली में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के करीब 1:15 बजे वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर डाला की ओर से आ रहे डीसीएम वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से सलखन की ओर भगा ले गया।
पुलिस टीम ने पीछा कर पटवध इंडियन पेट्रोल पंप से लगभग 100 मीटर आगे वाहन को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन में लदे शीशे के कबाड़ के पीछे छिपाकर रखे गए चार प्लास्टिक बोरों से कुल 85 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से चालक बंशीघर बेहेरा पुत्र रवि बेहेरा निवासी ग्राम कंडलीमुण्डा, थाना हण्डपा, जिला अंगुल (उड़ीसा) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन व नगद धनराशि भी बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उड़ीसा से शीशे का कबाड़ लेकर फिरोजाबाद जा रहा था। रास्ते में बौध बिहार बाजार (उड़ीसा) में दो अज्ञात व्यक्तियों ने वाराणसी तक गांजा पहुंचाने के एवज में 30 हजार रुपये देने का लालच दिया और वाहन में कबाड़ के बीच चार बोरियों में गांजा छिपा दिया। पुलिस ने थाना चोपन पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य दो वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


