शांतिपूर्ण वातावरण में सौहार्द के साथ मनाएं पर्व
Sonbhadra News - सोनभद्र में होली पर्व एवं रमजान माह के लिए कलेक्टे्रट सभागार में समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। डीएम और एसपी ने संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा के लिए दिशा निर्देश दिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने का आग्रह किया।
सोनभद्र, संवाददाता। होली पर्व एवं रमजान माह को लेकर शनिवार को कलेक्टे्रट सभागार में समन्वय गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान शांतिपूर्ण वातावरण में सौहार्द के साथ पर्व मनाए जाने की अपील की गई। वहीं शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी बीएन सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद के उपजिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि होली एवं रमज़ान के दौरान संवेदनशील स्थलों की पहचान कर प्रभावी पुलिस पिकेटिंग, नियमित गश्त, ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष मॉनिटरिंग करते हुए अफवाह फैलाने वालों एवं माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीएम बीएन सिंह ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं एसपी अभिषेक वर्मा ने समस्त थाना प्रभारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ सतत संवाद स्थापित कर आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने किसी भी प्रकार की अराजकता या हुड़दंग की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम और एसपी ने लोगों से कहा कि होली एवं रमज़ान का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। जनपद प्रशासन एवं पुलिस बल पूर्णत: सतर्क, प्रतिबद्ध एवं तैयार है। इस मौके पर सीडीओ जागृति अवस्थी, एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


