22 अप्रैल को जारी होगी पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची
Sonbhadra News - सोनभद्र के जिला निर्वाचन अधिकारी बीएन सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम में नई समय सारणी जारी की है। मतदाता सूची का कम्प्यूटरीकरण 17 मार्च से शुरू होगा और अंतिम प्रकाशन 22 अप्रैल को होगा। अधिकारियों को कार्यों को समय पर पूरा करने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।

सोनभद्र, संवाददाता। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) बीएन सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम में आंशिक संशोधन करते हुए नई समय सारणी जारी की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के कम्प्यूटरीकरण के बाद मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रम निर्धारण, एसवीएन आवंटन, सूची डाउनलोडिंग एवं फोटो प्रतियां तैयार करने का कार्य 17 मार्च से किया जा रहा है, जिसको 21 अप्रैल तक पूरा किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 22 अप्रैल को किया जाएगा, जिससे पंचायत चुनाव की तैयारियों को गति मिलेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय समाचार पत्रों और सूचना पट्टों के माध्यम से सुनिश्चित करें। साथ ही, पुनरीक्षण अवधि में पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारणी के अनुसार कार्य पूर्ण कराया जाएगा। अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


