विकास कार्यों को पूर्ण कराने की तय हो समय सीमा
Sonbhadra News - सोनभद्र में सांसद छोटेलाल खरवार की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक हुई। सभी विभागों को कार्य की धनराशि, खर्च और विकास कार्यों की समय सीमा पर चर्चा करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने विभिन्न समस्याओं का समाधान और संपर्क मार्गों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
सोनभद्र, संवाददाता। जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक अध्यक्ष सांसद छोटेलाल खरवार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान सभी विभागों को कार्य के लिए मिलने वाली धनराशि, कितना काम कराया गया और कितना व्यय हुआ की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने का निर्देश दिया गया। इस दौरान सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि विकास कार्यों को पूर्ण कराने के लिए मानक समय सीमा निर्धारित की जाय तथा उसी अवधि में कार्य पूर्ण कराया जाय। यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण नहीं हो रहा है तो उसका कारण बताया जाय। इस बैठक में समस्त संबंधित अधिकारीगण की उपस्थिति सुनिश्चित करायी जाय, जिससे आम जनता से प्राप्त होने वाली समस्याओं एवं उसके समाधान पर चर्चा की जा सके।
इसके अतिरिक्त विधायकगण, प्रमुखगण आदि भी उपस्थित हों जिससे इस समिति के माध्यम से जनता की समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान कराया जा सके। सांसद ने पटवध से बसुहारी सम्पर्क मार्ग के अभी तक पूर्ण नहीं हो सकने पर चिन्ता व्यक्त की। निर्देशित किया गया कि उस सम्पर्क मार्ग को यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाय। सम्पर्क मार्ग के निर्माण से उस क्षेत्र के ग्रामीणों को बहुत राहत मिलेगी। यदि कोई समस्या है तो सम्बन्धित विभाग समन्वय कर समाधान निकालें। अध्यक्षा नगर पालिका परिषद रूबी प्रसाद ने बताया कि नगर के विभिन्न स्थानों पर बिजली के तार एवं खम्भे जर्जर हो गये हैं। उन्हें तत्काल ठीक कराया जाय। समिति के नामित सदस्य द्वारा बताया गया कि अभी भी नगवां क्षेत्र के कुछ इलाकों में मोबाइल टावर काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण संकट के समय ग्रामीणों को बहुत परेशानी होती है। सांसद ने बताया कि हर घर नल योजना के अन्तर्गत किये गये पेयजल कनेक्शन की स्थिति ठीक नहीं है। पेयजल पाइप डालने के लिए सड़कों की खुदाई कर दी गयी है किन्तु उसे विभाग द्वारा ठीक नहीं कराया गया है। विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तत्काल इसे ठीक करायें तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी गावों में लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो। लोढ़ी में टोल प्लाजा के संबंध में निर्देशित किया गया कि टोल प्लाजा के कारण आये दिन जाम लगता रहता है जिसके कारण आम जनमानस को परेशानी होती है। इसके लिए ट्रकों के लिए अलग लेन तथा आम जनमानस एवं एम्बुलेन्स आदि के लिए अलग लेन बनायी जाय। नामित सदस्य रामनिहोर द्वारा अनपरा में निर्मित 100 बेड के अस्पताल को सही तरीके से संचालित कराये जाने एवं उस अस्पताल में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध कराये जाने की मांग की गयी। वहीं बभनी और म्योरपुर में चिकित्सा व्यवस्था को और दुरुस्त कराये जाने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर अध्यक्ष जिला पंचायत राधिका पटेल, डीएम बीएन सिंह, सीडीओ जागृति अवस्थी, ब्लाक प्रमुख म्योरपुर मानसिंह गौंड़, सीएमओ डॉ पंकज कुमार राय, डीडीओ हेमन्त कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


