हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षा शुरु
Sonbhadra News - सोनभद्र में सोमवार से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षा शुरू हुई है। सभी विद्यालयों में एक साथ परीक्षा कराई जा रही है। नकलविहीन परीक्षा के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। इस बार छात्रों को बोर्ड परीक्षा से पहले अपनी तैयारी का आकलन करने का अवसर मिलेगा।
सोनभद्र/केकराही, हिन्दुस्तान संवाद। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षा सोमवार से सभी विद्यालयों में शुरु हो गई है। समय सारिणी से एक साथ सभी विद्यालयों में परीक्षा कराई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से टाइम टेबल जारी किया गया है और प्रश्नपत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश से संचालित वर्ष 2026 की प्री बोर्ड परीक्षा सोनभद्र में सोमवार से सभी विद्यालयों में एक साथ शुरु हुई। सभी विद्यालयों में नकल विहीन एवं पारदर्शी तरीके परीक्षा संपन्न कराने के लिए जनपद स्तर से समय सारिणी जारी की गई है।
इससे समस्त विद्यालयों में परीक्षा की एक रुपता बनी रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि प्री बोर्ड परीक्षा संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा पूर्व में प्राप्त प्रश्नपत्रों को सभी विद्यालयों की विषय वार छात्र संख्या के अनुरूप उपलब्ध कराया जा चुका है। यूपी बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को पहली बार माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा प्री बोर्ड परीक्षा का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया गया है। इससे सभी परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा से पूर्व प्री बोर्ड परीक्षा के माध्यम से अपनी तैयारी पूर्ण कर लें। डीआईओएस ने बताया कि जिले के समस्त विद्यालयों में एक ही तरह का प्रश्नपत्र होने के कारण एक समय सारिणी एवं एक निश्चित समय निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में जनपद के समस्त विद्यालयों में प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे अपने नीयत समय पर प्रारंभ हुई। जिले के आरएसएम इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज, हंसवाहिनी इंटर कॉलेज कसया और आरएनआरबी इंटर कॉलेज अमोंखर के परीक्षार्थी शांति पूर्ण वातावरण में परीक्षा देते मिले। आरएसएम इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा बृजेश सिंह ने बताया कि प्री बोर्ड परीक्षा से छात्र छात्राओं को अपनी तैयारियों का आंकलन के साथ बोर्ड परीक्षा में घबराहट से मुक्ति मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




