निर्माणाधीन मकान में अधेड़ का फंदे से लटकता मिला शव

Apr 08, 2026 08:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share

Sonbhadra News - सोनभद्र के लोढ़ी में एक अधेड़ का शव निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला। मृतक राजेंद्र प्रसाद की पत्नी और बच्चे मायके गए थे। पड़ोसियों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

निर्माणाधीन मकान में अधेड़ का फंदे से लटकता मिला शव

सोनभद्र, संवाददाता। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी में बुधवार की सुबह एक अधेड़ का शव उसके निर्माणाधीन मकान में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया। पुलिस को दी गई तहरीर में अशोक नगर वार्ड नंबर-20 निवासी आशीष पाठक ने बताया कि उनकी बहन आरती पाठक के पति लोढ़ी निवासी 41 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद पुत्र पवन कुमार सुबह से फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। मोबाइल स्विच ऑफ मिलने पर राजेंद्र की पत्नी ने पड़ोसियों के पास फोन कर जानकारी कराई।

जिसके बाद मौके पर पहुंचे पड़ोसी ने परदा उठाकर देखा कि वह मकान के आंगन के लिए छोड़े गए हिस्से में बेडशीट के सहारे फंदे से लटके हुए हैं। नीचे उतारने पर उनकी मौत हो चुकी थी। जिसके बाद पड़ोसी ने तत्काल राजेंद्र के परिजनों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे। बताया गया कि मृतक मूल रूप से मेरठ के रहने वाले थे और करीब दस वर्ष पूर्व रॉबर्ट्सगंज आकर बस गए थे। पहले ससुराल अशोकनगर में कमरा लेकर रहते थे, जबकि पिछले दो वर्षों से उरमौरा में मकान निर्माण कर परिवार के साथ रहना शुरू कर दिए थे। घटना के एक दिन पूर्व मंगलवार को मकान की शटरिंग हटाई जा रही थी, जिसके बाद उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके अशोक नगर चली गई थी। मृतक उरमौरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी, 11 वर्षीय पुत्र और 6 वर्षीय पुत्री हैं। लोढ़ी चौकी प्रभारी उमाशंकर यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।