Sonbhadra News: रेल लाइन की ऊंची मिट्टी बनी मुसीबत, घरों तक पहुंचा पानी
Sonbhadra News: रेल लाइन की ऊंची मिट्टी बनी मुसीबत, घरों तक पहुंचा पानी:10-सलखन गांव में डबल रेल लाइन निर्माण के चलते लोगों के घरों तक पहुंचा बारिश का पानी। सोनभद्र,

Sonbhadra News: सोनभद्र, संवाददाता। राबर्ट्सगंज ब्लाक के सलखन गांव में डबल रेल लाइन निर्माण के बाद जल निकासी की समस्या स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण बस्ती में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। गांधी स्मारक निधि से लेकर दीपचंद भारती के घर तक सड़क और आसपास के इलाके में पानी जमा होने से लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई घरों और शौचालयों में भी बारिश का पानी पहुंच गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार डबल रेल लाइन के निर्माण के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास काफी ऊंचाई तक मिट्टी डाली गई है।
इसके चलते इलाके में बारिश के पानी की प्राकृतिक निकासी बाधित हो गई है और पानी बस्ती की ओर जमा होने लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर बार बारिश होने पर यही स्थिति पैदा हो जाती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई। जलभराव के कारण बस्ती के लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पानी जमा होने से आने-जाने में परेशानी हो रही है, वहीं घरों तक पानी पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीण भोला शर्मा, हरिदास शर्मा, शारदा देवी, वसीर अहमद, मुन्ना और सुभाष भारती समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि समस्या की जानकारी ग्राम प्रधान के साथ ही संबंधित रेलवे अधिकारियों को भी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि मौके का स्थलीय निरीक्षण कराकर जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। साथ ही डबल रेल लाइन निर्माण के बाद बाधित हुई जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर भविष्य में बस्ती को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए स्थायी इंतजाम किए जाएं।


