कोहरे के आगोश में रहा सोनांचल, सुबह सात बजे के बाद निकली धूप, ठंड में ठिठुरे लोग
Sonbhadra News - सोनभद्र, संवाददाता। सोनांचल में लगातार बढ़ रही ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी
सोनभद्र, संवाददाता। सोनांचल में लगातार बढ़ रही ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार की सुबह पूरा इलाका कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह सात बजे के बाद ही हल्की धूप निकल सकी, लेकिन तब तक ठिठुरन भरी ठंड लोगों को बेहाल कर चुकी थी। ठंड के चलते गर्म कपड़ों में लोग लिपटे नजर आए। जिले में शनिवार की शाम से ही कोहरे का असर शुरू हो गया था। सुबह जब लोगों की नींद खुली तो कोहरे के साथ ही धुंध छाया हुआ था। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी।

मुख्य सड़कों के साथ ही ग्रामीण मार्गों पर भी वाहन चालकों को दिन में हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। सुबह-सुबह सफर करने वाले यात्रियों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा। ठंड बढ़ने का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर देखा गया। सुबह और शाम के समय गलन बढ़ने से लोग घरों में ही दुबके रहे। सार्वजनिक स्थानों, चौराहों और बाजारों में अलाव जलाकर लोग ठंड से बचाव करते दिखे। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की ओर जाने वाले किसानों को भी कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा, जिससे सुबह के समय कृषि कार्य प्रभावित रहा। बाजारों और सड़कों पर आम दिनों की तुलना में कम चहल-पहल देखने को मिली। वहीं ठंड बढ़ने के साथ गर्म कपड़ों, कंबलों और हीटर की मांग में भी इजाफा हुआ है। दुकानदारों के अनुसार ऊनी कपड़ों की बिक्री में तेजी आई है। मौसम जानकारों के अनुसार फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड और कोहरा बने रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे गलन और बढ़ेगी। ऐसे में लोगों को सुबह-शाम सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




