स्वगणना अभियान को लेकर जागरूकता तेज
म्योरपुर में जनगणना प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए स्व-गणना अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक और विश्वसनीय होंगे।

म्योरपुर,हिंदुस्तान संवाद। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र में जनगणना प्रक्रिया को सरल और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना अभियान को लेकर क्षेत्र में जागरूकता तेज हो गई है। प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से आमजन से अपील की जा रही है कि वे अधिक से अधिक परिवारों को प्रेरित करें कि वे मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी जनगणना स्वयं करें। खण्ड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा एवं एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह ने कहा कि जैसे ही जनगणना से संबंधित ऐप सुबह सक्रिय होता है, लोग अपने परिवार की जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है और इसमें समय भी कम लगता है।
लोगों को घर बैठे ही अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरने की सुविधा मिल रही है, जिससे लंबी प्रक्रिया और त्रुटियों की संभावना भी कम हो जाती है। श्री मिश्र ने बताया कि स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए गांव-गांव और मोहल्लों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। स्वयंसेवकों और जनप्रतिनिधियों को भी जिम्मेदारी दी गई है कि वे लोगों को ऐप के उपयोग के बारे में जानकारी दें और उन्हें प्रोत्साहित करें। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में भाग लेते हैं तो जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक और विश्वसनीय होंगे,जो भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल को समझें और अपने परिवार की स्व-गणना अवश्य करें। साथ ही अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि यह अभियान पूरी तरह सफल हो सके।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


