Sonbhadra News: अमिला माता मंदिर का होगा कायाकल्प, गांवों में रोशन होंगी गलियां
Sonbhadra News: अमिला माता मंदिर का होगा कायाकल्प, गांवों में रोशन होंगी गलियां क्षेत्रों में शिक्षा और जनसुविधाओं को मजबूत करने की पहल की गई है। करीब पांच करोड़ रुपय

Sonbhadra News: सोनभद्र, संवाददाता। जिले में आस्था के केंद्रों के संरक्षण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और जनसुविधाओं को मजबूत करने की पहल की गई है। करीब पांच करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से अति प्राचीन अमिला माता मंदिर का कायाकल्प, चार गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना और तीन सरकारी विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। सभी कार्य ग्रीनको एनर्जी के सीएसआर मद से प्रस्तावित हैं।
आस्था के केंद्र का कायाकल्प
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि क्षेत्र की आस्था से जुड़े अति प्राचीन अमिला माता मंदिर को उसकी धार्मिक महत्ता के अनुरूप सुविधायुक्त बनाया जाएगा। मंदिर परिसर में पेयजल और बिजली की व्यवस्था मजबूत करने के साथ श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए गेस्ट रूम, आवागमन को सुगम बनाने के लिए इंटरलॉकिंग और धूप-बारिश से बचाव के लिए टीन शेड का निर्माण कराया जाएगा। मंदिर के मूल स्वरूप और गरिमा को बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए बैजनाथ, पिंडारी, चकरिया और गड़वा में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। गांवों की गलियों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था होने से ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी और परंपरागत बिजली पर निर्भरता भी कम होगी। डीएम ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य ऐसी स्थायी सुविधाएं तैयार करना है, जिनका सीधा लाभ आमजन को मिले। आस्था के केंद्रों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, बच्चों को अच्छा शैक्षणिक वातावरण और गांवों में मजबूत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। ग्रीनको एनर्जी के सीएसआर सहयोग से प्रस्तावित कार्य पूरे होने पर क्षेत्र में आस्था, शिक्षा और ग्रामीण सुविधाओं को एक साथ मजबूती मिलेगी।
शिक्षा के लिए सुधार
इसी योजना के तहत बैजनाथ, पिंडारी और चकरिया के सरकारी विद्यालयों का भी कायाकल्प कराया जाएगा। विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल की मरम्मत के साथ कक्षाओं और परिसर को सुसज्जित किया जाएगा। बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने को अलग कक्ष, स्वच्छ शौचालय समेत अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
ग्रीनको एनर्जी के सीएसआर मद से करीब पांच करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से अति प्राचीन अमिला माता मंदिर का कायाकल्प कराया जाएगा। चार गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना और तीन सरकारी विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
- चर्चित गौड़, डीएम।


