पुलिस हिरासत में लिए गए एनएसयूआई के कार्यकर्ता
Sonbhadra News - सोनभद्र में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी द्वारा मनरेगा योजना के विरोध में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित धक्का-मुक्की से छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। एनएसयूआई के नेताओं को हिरासत में लेने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
सोनभद्र, संवाददाता। मनरेगा योजना को कमजोर करने तथा महात्मा गांधी के नाम को हटाने के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी की तरफ से वाराणसी में किए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की तरफ से कथित धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना को लेकर छात्र संगठन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। घटना के विरोध में रणनीति तैयार की जा रही थी, इसी दौरान सोमवार की रात करीब 11:30 बजे एनएसयूआई के प्रदेश सचिव गणेश विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता और आकाश गौतम को रॉबट्सगंज कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना मिलते ही कांग्रेस व एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कोतवाली परिसर में जमावड़ा शुरू हो गया।
कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्र ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार बौखलाहट में एनएसयूआई के नेताओं को पुलिस के जरिए गिरफ्तार करा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों, युवाओं, किसानों, दलितों और पिछड़ों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन एनएसयूआई के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। वहीं एनएसयूआई प्रदेश सचिव गणेश विश्वकर्मा और जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार खुद डरी हुई है। इस मौके पर पीसीसी सदस्य आशुतोष दुबे, कांग्रेस नेता सत्यम मिश्रा, मनोज मिश्रा, सिराज अहमद, अजित शुक्ला, सूरज वर्मा, प्रांजल श्रीवास्तव आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




