रसोई गैस की कीमत बढ़ने पर सपा ने किया प्रदर्शन
सोशलिस्ट पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र में रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर सरकार को घेरा और बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की। उन्होंने भाजपा पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया।

सोनभद्र, संवाददाता। रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की वृद्धि के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरटीएस तिराहे के पास प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग करते हुए महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण का वादा किया था, लेकिन आज आम जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सेवाओं की बढ़ती लागत ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है।
सपा नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में विफल रही है। वहीं सुरेश अग्रहरी और मनीष केडिया ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर घरेलू बजट पर पड़ रहा है, जिससे महिलाओं को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे अल्पसंख्यक सभा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने कहा कि व्यापारी, युवा, दुकानदार और आम नागरिक बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से प्रभावित हैं। इस मौके पर अशोक भारती, हिफाजत, श्याम सुंदर सोनकर, मनोज केवट, शौर्य त्रिपाठी, शिवा यादव, सरोज पासवान, अनिल विश्वकर्मा आदि रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


