Sonbhadra News: नहीं पहुंची एंबुलेंस, सड़क पर बच्चे को दिया जन्म
Sonbhadra News: नहीं पहुंची एंबुलेंस, सड़क पर बच्चे को दिया जन्म नहीं पहुंची एंबुलेंस, सड़क पर बच्चे को दिया जन्म नहीं पहुंची एंबुलेंस, सड़क पर बच्चे को दिया जन्म नहीं

Sonbhadra News: बीजपुर,हिन्दुस्तान संवाद। एनटीपीसी रिहंद आवासीय परिसर के रास्ते पर कर्मचारी कल्याण केन्द्र के समीप एक प्रसव पीड़िता ने एंबुलेंस के इंतजार में सड़क पर ही बच्चे को जन्म दिया। वह घंटे भर सड़क पर तड़पती रही लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने प्रसव पीड़िता को तड़पते देख एनटीपीसी धनवंतरि चिकित्सालय को सूचना दी। सूचना पर पहुंची एनटीपीसी धनवंतरि अस्पताल की एंबुलेंस ने प्रसूता को अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने जांच के बाद जच्चा-बच्चा दोनों के स्वस्थ होने पर उसे को छुटटी दे दी। म्योरपुर ब्लाक के डोडहर गांव निवासी रेशम पत्नी अर्जुन कुछ दिन पूर्व अपने मायके गई थी।
वह गुरुवार को मायके से वापस बस से अपने घर लौट रही थी। दोपहर में जैसे ही वह एनटीपीसी रिहंद आवासीय परिसर के रास्ते कर्मचारी विकास केंद्र के समीप बस से उतरी, इसी दौरान उसे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। प्रसव पीड़ा से परेशान महिला सड़क किनारे काफी देर तक मदद की गुहार लगाती रही। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस के लिए टोल फ्री नंबर पर सूचना भी दी, लेकिन घंटे भर बीत जाने के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसी दौरान महिला ने सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म दे दिया। बताया गया कि सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर प्रसूता पर पड़ी तो उसने एनटीपीसी धनवंतरी चिकित्सालय को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही अस्पताल की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से महिला और नवजात को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार और जांच की। इसके बाद प्रसूता को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस संबंध में एनटीपीसी रिहंद के उप प्रबंधक रौशन कुमार ने बताया कि महिला का प्रसव सड़क किनारे हो गया था। टहल रहे एक अधिकारी की नजर महिला पर पड़ने के बाद मिली सूचना पर तत्काल एंबुलेंस भेजी गई। महिला को अस्पताल लाकर उपचार किया गया और हरसंभव मदद के बाद छुट्टी दे दी गई। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।


