
पांच लाख से अधिक का अवैध पटाखा बरामद, एक गिरफ्तार
Sonbhadra News - सोनभद्र में पुलिस ने अवैध रूप से भंडारित 5 लाख रुपये के पटाखों को बरामद किया है। रामपुर बरकोनिया से 60 किलोग्राम और ओबरा से 90 किलोग्राम पटाखे पकड़े गए हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक...
सोनभद्र। पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित लगभग पांच लाख रुपये का पटाखा बरामद किया है। पुलिस ने रामपुर बरकोनिया से 60 किलो और ओबरा से 90 किलोग्राम अवैध पटाखा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि एक फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। दीवाली और छठ पर्व के मद्देनजर पटाखों केअवैध भंडारण को लेकर पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस लगातार छापेमारी कर अवैध भंडारण के लिए खिलाफ कार्रवाई कर रही है। बुधवार की देर शाम रामपुर बरकोनिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पटना गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 60 किलोग्राम अवैध पटाखा बरामद किया।

पुलिस ने एक अभियुक्त सराफत अली पुत्र स्व. मुहम्मद लतीफ निवासी ग्राम पटना थाना रामपुर बरकोनिया को गिरफ्तार किया। रामपुर बरकोनिया थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि बरामद पटाखो की कीमत 2.3 लाख रुपये है। थानाध्यक्ष के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कस्मेटिक की दुकान चलाता है। आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर अधिक लाभ अर्जित करने की नियत से उसने घर पर अवैध रूप से पटाखों का भण्डारण किया था, जिन्हें चोरी-छिपे बेचने की योजना थी। वहीं ओबरा पुलिस ने बुधवार की देर शाम मुखबिर की सूचना पर मिन्टु कुमार गोयल पुत्र स्व हेमराज गोयल निवासी सिनेमा रोड चूरी गली थाना ओबरा, हाल पता आरके एजेंसी डाला रोड गजराज नगर ओबरा के गोदाम पर छापेमारी की। वहां से पांच पेटियों और दो बोरियों में कुल 90 किलोग्राम अवैध पटाखा बरामद किया गया। बरामद पटाखे की कीमत 2.85 लाख रुपये बताई गई है। प्रभारी निरीक्षक ओबरा विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि पुलिस द्वारा त्योहारों के दृष्टिगत अवैध विस्फोटक सामग्री के निर्माण, बिक्री एवं भण्डारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जनसामान्य से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




