विजयगढ़ किला जंगल में भटके 10 श्रद्धालु को पुलिस ने निकाला
Sonbhadra News - सोनभद्र में रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के विजयगढ़ किले के जंगल में 10 श्रद्धालु रात में रास्ता भटक गए थे। पुलिस ने 6 से 8 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सभी को सुरक्षित निकाल लिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जंगल में जाते समय स्थानीय लोगों से मार्गदर्शन लें।
सोनभद्र, संवाददाता। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विजयगढ़ किला के जंगल में सोमवार की रात रास्ता भटक गए 10 श्रद्धालुओं को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाला। करीब 6 से 8 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। मंगलवार की रात करीब 8:20 बजे पीआरवी को सूचना मिली कि वाराणसी व मिर्जापुर से आए 10 श्रद्धालु विजयगढ़ किला स्थित मजार पर दर्शन के लिए गए थे, लेकिन किले के पीछे जंगल के रास्ते से लौटते समय रास्ता भटक गए।
सूचना मिलते ही थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस और पीआरवी 8507 की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कॉलर का मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण टीम को घने जंगल में टॉर्च, सीटी और लाउडहेलर के सहारे खोजबीन करनी पड़ी। कठिन परिस्थितियों में लगातार कई घंटे तक चली तलाश के बाद सभी श्रद्धालुओं, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे को सुरक्षित ढूंढकर बाहर निकाला गया। सभी लोगों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सोनभद्र पुलिस के प्रति आभार जताया। इस अभियान में थाना प्रभारी विनोद यादव, चौकी प्रभारी विजयगढ़ किला मनोज कुमार सिंह समेत पुलिस टीम और पीआरवी कर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जंगल या अपरिचित स्थानों पर जाते समय स्थानीय लोगों से मार्गदर्शन अवश्य लें और समूह से अलग न हों, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


