आरती पूजन के साथ मानस पाठ महायज्ञ शुरु
Sonbhadra News - सोनभद्र में श्रीरामचरित मानस नवाह्न पाठ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। पहले दिन प्रभु श्रीराम दरबार का श्रृंगार हुआ और आरती-पूजन के साथ यज्ञ प्रारंभ किया गया। अगले दिन राम जन्मोत्सव की झांकी निकाली जाएगी। इस...
सोनभद्र, संवाददाता। श्रीरामचरित मानस नवाह्न पाठ महायज्ञ समिति के तत्वाधान में मंगलवार से राबर्ट्सगंज के आरटीएस क्लब में नौ दिवसीय नवाह्न परायण महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। पहले दिन प्रभु श्रीराम दरबार का भव्य श्रृंगार हुआ और आरती-पूजन के साथ महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। काशी रत्न पं. सूर्यलाल मिश्र के आचार्यत्व में शुरू हुए मानस पाठ में यज्ञ का पट्टाभिषेक महामंत्री सुशील पाठक ने किया। वहीं यजमान सत्यपाल जैन ने सह पत्नी पूजन अर्चन के कार्य को मूर्त रूप प्रदान किया। महायज्ञ की पूर्व संध्या पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी वैदिक मंत्रोचार के साथ प्रभु श्रीराम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा आचार्य सन्तोष कुमार द्विवेदी के साथ पं. शिव कुमार शास्त्री, पं. अनिल कुमार पाण्डेय, पं. यशवंत पांडेय ने सम्पन्न कराई। वहीं माल्यार्पण व स्वास्ति वाचन तथा दरबार की आरती के पश्चात व्यास जी ने भूदेव की परिक्रमा प्रारंभ की। देर शाम से मानस प्रवचन का भी आयोजन किया गया। अगले नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में बुधवार को राम जन्मोत्सव की झांकी निकाली जाएगी। प्रारंभिक क्रम का संचालन राकेश त्रिपाठी ने किया। मंगल भवन अमंगल हारी, द्रबहु सो दसरथ अजिर बिहारी, की पवित्र पंक्तियों के साथ आज यज्ञ अनुष्ठान का प्रथम सोपान मंगलाचरण से प्रारंभ हुआ। दोहा और चौपाई के माध्यम से मुख्य व्यास जी द्वारा सती प्रसंग, पार्वती विवाह, प्रसंगों की व्याख्या की गई। प्रथम दिवस कथा का स्थगन, रामायण जी की आरती के साथ हुआ। श्रीरामचरितमानस नवाह्न पाठ के दूसरे दिन श्रीराम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष सत्यपाल जैन, महामंत्री सुशील पाठक, सदर विधायक भूपेश चौबे, ओमप्रकाश त्रिपाठी, इंद्रदेव सिंह, अवधेश पांडे, गुल्लू भंडारी, जमुना केसरी, शंभू सिंह, अनिल चौबे, अयोध्या दुबे, डॉक्टर जेएस चतुर्वेदी, आलोक सिंह, विमलेश सिंह आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।