विवाहिता का कुएं में मिला शव, हत्या का आरोप
Sonbhadra News - स्थानीय थाना क्षेत्र के कचकच्छी गांव में एक विवाहिता का शव कुएं में मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता का कहना है कि उसकी पुत्री को मारकर कुएं में फेंका गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

बभनी, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के कचकच्छी गांव में शुक्रवार की सुबह एक विवाहिता का कुएं में शव मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है। बभनी थाना क्षेत्र के करकच्छी गांव निवासी विशाल ने बताया कि उसकी 23 वर्षीय पत्नी सखीना शुक्रवार की सुबह कुएं से पानी लेने गई थी। पानी निकालने के दौरान वह कुएं में गिर गई, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। वहीं सूचना पर मौके पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने हत्या कर कुएं में शव फेंकने का आरोप लगाया।
मृतका के पिता गुड्डू पुत्र सुखराज निवासी अंजानी थाना बीजपुर का कहना है कि शुक्रवार को सुबह 6 बजे दामाद विशाल ने फोन किया। कहा कि आपकी लड़की झगड़ा करके परेशान कर रही है। जब मैंने कहा कि लड़की से बात कराओ तब उसने यह कहकर फोन काट दिया कि अभी वह सो रही है। फिर साढ़े 10 बजे मेरे बड़े साले तुलसी का फोन आया कि आपकी लड़की कुंए में गिर गई है और उसकी मौत हो गई। जब मौके पर पहुंचा तो पुत्री का शव कुंए से बाहर निकाल दिया गया था। उसके गले, चेहरे और माथे पर चोट के निशान थे। पिता का आरोप है कि उसके पुत्री की मौत कुंए में गिरने से नहीं हुई है, बल्कि उसे मारकर कुएं में डाला गया है। उधर सूचना पर मौके पर पहुंचे बभनी थाने के सब इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


