मूलभूत सुविधाओं के बिना टैक्स वसूली पर जनाक्रोश
Sonbhadra News - रेणुकूट के ग्राम सभा मुर्धवा और खाड़पाथर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बावजूद टैक्स वसूली के लिए नोटिस जारी होने से नाराज स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। निवासियों ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है और कई समस्याएं जैसे गंदा पानी, अंधेरा, और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी है।

रेणुकूट। स्थानीय नगर पंचायत के विस्तार में शामिल ग्राम सभा मुर्धवा और खाड़पाथर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बावजूद टैक्स वसूली के लिए नोटिस जारी किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय कुमार राय के नेतृत्व में रहवासियों ने शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या के समाधान की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि लगभग पांच वर्ष पूर्व इन गांवों को नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल किया गया था, लेकिन अब तक कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं कराया गया है। अधिकांश गलियां कच्ची हैं, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है।
सीवर और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गंदा पानी खुले में बह रहा है, जिससे प्रदूषण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा, स्ट्रीट लाइट की कमी से रात में अंधेरा रहता है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव है, वहीं पेयजल की आपूर्ति भी अनियमित और अशुद्ध बताई गई है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जिससे कूड़ा निस्तारण की समस्या बनी हुई है। इन सभी समस्याओं के बावजूद नगर पंचायत द्वारा टैक्स वसूली के लिए नोटिस जारी करना स्थानीय लोगों के साथ अन्याय बताया गया है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि पहले क्षेत्र में सड़क, सीवर, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, उसके बाद ही टैक्स वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाए। अजय कुमार राय ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


