नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए केंद्र व्यवस्थापकों का निर्देशन सत्र संपन्न

नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए केंद्र व्यवस्थापकों का निर्देशन सत्र संपन्न

संक्षेप:

Sonbhadra News - जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 के सफल संचालन के लिए सोनभद्र में एक दिवसीय संक्षिप्त निर्देशन सत्र आयोजित किया गया। परीक्षा प्रभारी बीके सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों और पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारियों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने परीक्षा में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। परीक्षा 13 दिसंबर को होगी।

Dec 10, 2025 09:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share

सोनभद्र,संवाददाता। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, सोनभद्र में केंद्र व्यवस्थापकों एवं केंद्र पर्यवेक्षकों का एक दिवसीय संक्षिप्त निर्देशन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर के प्राचार्य एवं जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। सत्र के प्रारंभ में केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से संबंधित गैर-गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया। इसके बाद परीक्षा संचालन, शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। परीक्षा प्रभारी बीके सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं पर्यवेक्षकों को परीक्षा के सफल संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन देते हुए उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन पूरी निष्पक्षता, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या शिकायत की गुंजाइश न रहे। कार्यक्रम के समापन पर पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, बहुआर के प्राचार्य अंशुमान सिंह ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं पर्यवेक्षकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए परीक्षा के सफल आयोजन में आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 का आयोजन आगामी 13 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक जनपद सोनभद्र के 14 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।