एसडीएम ने निर्माणाधीन सीसी रोड का किया निरीक्षण
Sonbhadra News - दुद्धी के उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने मलदेवा गांव तक हो रहे सड़क निर्माण का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने निर्माण में मानकों की अनदेखी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि सड़क की ऊँचाई और निर्माण की खामियों के कारण राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम ने तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
दुद्धी,हिंदुस्तान संवाद। स्थानीय विकास खंड के कस्बे से सटे बस स्टैंड से मलदेवा गांव तक हो रहे संपर्क मार्ग निर्माण में मानकों की अनदेखी के शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें निर्माण संबंधित मानकों से अवगत कराते हुए कमियों को भी बताया। लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण में सोलिंग की बिना रोलरिंग व पानी डालकर कुटाई किये ही ढलाई की जा रही है। ग्रामीण डॉ. लवकुश प्रजापति ने सड़क निर्माण की खामियों को अवगत कराते हुए कहा कि सड़क ऊंची हो जाने से राहगीर तथा चारपहिया वाहन स्वामियों को इस मार्ग से गुजरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इससे बराबर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। इस पर एसडीएम ने मौके पर पहुंच कर जेई से हो रहे कार्य की जानकारी ली और खामियों को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता सुजीत पटेल, निरंजन जायसवाल, मनीष जायसवाल, सुधार अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


