बीएसए मुकुल आनंद पांडेय को मिलेगा राष्ट्रीय नवाचार पुरस्कार

Mar 14, 2026 02:19 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share

Sonbhadra News - सोनभद्र के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय को नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। उनके नेतृत्व में निपुण भारत मिशन के लिए विकसित डैशबोर्ड ने छात्रों के अधिगम स्तर को सुधारने और ड्रॉपआउट दर में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बीएसए मुकुल आनंद पांडेय को मिलेगा राष्ट्रीय नवाचार पुरस्कार

सोनभद्र, संवाददाता। प्रदेश के नौ नवाचारी शिक्षा अधिकारियों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक प्रशासन में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के लिए किए जाने वाले प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए किया गया है। राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान के प्रस्ताव पर शासन ने इन अधिकारियों को पुरस्कार ग्रहण करने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र व सतर्कता अनापत्ति प्रदान कर दी है। इस सूची में सोनभद्र ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। जिले के वर्तमान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय को वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान किए गए प्रशासनिक नवाचारों के लिए सम्मानित किया जाएगा। जिले के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले जिले में तैनात रहे पूर्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल को भी उनके कार्यकाल में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल नवाचार श्रेणी में यह सम्मान मिल चुका है।

पिछले वर्ष जुलाई में आयोजित ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण में मुकुल आनंद पांडेय ने अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से विशेषज्ञों को प्रभावित किया। उनके नेतृत्व में जिले की ओर से प्रस्तुत निपुण भारत मिशन की मॉनिटरिंग के लिए विकसित डैशबोर्ड को नवाचारपूर्ण और अन्य जिलों में लागू किए जा सकने वाले मॉडल के रूप में सराहा गया। इस पहल का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों में छात्रों के अधिगम स्तर को सुधारना और उसकी सतत निगरानी सुनिश्चित करना था। डैशबोर्ड के निर्माण में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सोनभद्र का तकनीकी सहयोग मिला, जबकि विभाग के शिक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश ने इस पहल को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थर्ड पार्टी सर्वेक्षणों और आंकड़ों के अनुसार इस नवाचार के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। डैशबोर्ड के माध्यम से कक्षावार लक्ष्य निर्धारित कर उपचारात्मक शिक्षण सुनिश्चित किया गया, जिससे छात्रों की उपस्थिति दर में वृद्धि हुई और ड्रॉपआउट दर में कमी आई। इसी प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम रहा कि निपुण छात्र मूल्यांकन परीक्षा 2024 में सोनभद्र ने पूरे प्रदेश में छठां स्थान प्राप्त किया। मुकुल आनंद पांडेय के साथ सीतापुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह, कौशाम्बी के डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा और कन्नौज के संदीप कुमार को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।