रामपुर गेहूं क्रय केंद्र के हटाए गए प्रभारी, खरीद हुई शुरू

Newswrap हिन्दुस्तान, सोनभद्र
share

Sonbhadra News - सोनभद्र, संवाददाता। किसानों की शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए रामपुर बीपैक्स स्थित गेहूं क्रय

रामपुर गेहूं क्रय केंद्र के हटाए गए प्रभारी, खरीद हुई शुरू

सोनभद्र, संवाददाता। किसानों की शिकायत के बाद कार्रवाई करते हुए रामपुर बीपैक्स स्थित गेहूं क्रय केंद्र के प्रभारी को बदल दिया गया है। इसके साथ ही केंद्र पर गेहूं खरीद का कार्य फिर से सुचारु रूप से शुरू हो गया है। खरीद प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों ने राहत की सांस ली है। विकास खंड नगवां के रामपुर बीपैक्स में संचालित गेहूं क्रय केंद्र के तत्कालीन प्रभारी वकालत हुसैन के खिलाफ किसानों ने खरीद प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायत सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह से की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त ने जांच की जिम्मेदारी एडीसीओ रॉबर्ट्सगंज अवधेश सिंह तथा पीसीएफ के जिला प्रबंधक रोहित गुप्ता को सौंपी थी।

जांच के दौरान किसानों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए वकालत हुसैन को क्रय प्रभारी के पद से हटा दिया गया तथा नितिन पटेल को नया केंद्र प्रभारी नियुक्त किया गया। प्रभारी परिवर्तन के बाद केंद्र पर गेहूं खरीद का कार्य शुरू करा दिया गया। बुधवार को एडीसीओ अवधेश सिंह ने रामपुर गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर कुल 352 कुंतल गेहूं की खरीद दर्ज पाई गई। केंद्र प्रभारी नितिन पटेल ने बताया कि वर्तमान में बोरे की कमी के कारण खरीद कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दिन तक बोरे उपलब्ध हो जाएंगे, जिसके बाद खरीद प्रक्रिया फिर से गति पकड़ लेगी। निरीक्षण के दौरान एडीसीओ ने कोरियांव गेहूं क्रय केंद्र का भी जायजा लिया। वहां कुल 1903.50 कुंतल गेहूं की खरीद दर्ज मिली। केंद्र प्रभारी कौशल सिंह ने बताया कि अब तक लगभग 800 कुंतल गेहूं की डिलीवरी की जा चुकी है। इस केंद्र पर भी बोरे की कमी की समस्या सामने आई। इस पर एडीसीओ अवधेश सिंह ने संबंधित केंद्र प्रभारी को तत्काल क्रय एजेंसी से संपर्क कर बोरे उपलब्ध कराने और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

Voice of UP

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।